
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से बेटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के चंदवारा इलाके में बुधवार देर शाम एक किशोरी के साथ सरेराह छेड़खानी और दरिंदगी की कोशिश की गई। जब साहसी किशोरी ने मनचले की गंदी नीयत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोचकर उसकी धुनाई कर दी और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
तीन बहनों पर गंदी नजर, 3 महीने से कर रहा था परेशान
पीड़िता के परिजनों ने रो-रोकर आपबीती सुनाते हुए बताया कि पड़ोस में रहने वाला आरोपी ललित कुमार कपड़ों पर प्रेस (आयरन) करने का काम करता है। आरोप है कि वह पिछले करीब तीन महीनों से परिवार की तीनों नाबालिग बेटियों को लगातार रास्ते में परेशान कर रहा था और फब्तियां कसता था। आरोपी की इस घटिया हरकत की वजह से पूरा परिवार बेहद डरा-सहमा हुआ था और बच्चियां खौफ के साए में जी रही थीं।
जबरन घर खींचने की कोशिश, दो बहनें भागकर बचाईं जान
परिजनों के अनुसार, बुधवार देर शाम तीनों बहनें घर के बाहर थीं। तभी मौका पाकर आरोपी ललित वहां धमक पड़ा और उसने एक किशोरी का हाथ जबरन पकड़ लिया। वह दरिंदगी की नीयत से किशोरी को खींचकर अपने कमरे की ओर ले जाने का प्रयास करने लगा। इसी बीच साथ में मौजूद दो अन्य छोटी बहनों ने सूझबूझ दिखाई और आरोपी के चंगुल से बचते हुए भागकर घर पहुंचीं तथा परिजनों को इस खौफनाक वारदात की जानकारी दी।
विरोध करने पर बेरहमी से पीटा, अस्पताल में चल रहा इलाज
जब किशोरी ने खुद को छुड़ाने के लिए पूरी ताकत से विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी बौखला गया। उसने किशोरी पर ताबड़तोड़ थप्पड़ों और घूंसों की बरसात कर दी और बेरहमी से उसकी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल होकर जमीन पर गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ लहूलुहान किशोरी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
गुस्साई भीड़ ने घेरा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
चीख-पुकार सुनकर आसपास के दर्जनों स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित भीड़ ने भागने की फिराक में लगे आरोपी ललित कुमार को मौके पर ही धर दबोचा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग से छेड़खानी और मारपीट के इस संवेदनशील मामले में त्वरित जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
voice of india