
देशभर के घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से सिलेंडर बुकिंग का एक अहम नियम लागू होने जा रहा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के मुताबिक, रेगुलेटेड रिटेल सेलिंग प्राइस (RSP) पर सब्सिडी वाले सिलेंडर की बुकिंग के लिए अब बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) को अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सब्सिडी का सीधा और पारदर्शी लाभ केवल वास्तविक व पात्र परिवारों तक ही पहुंचे।
89.9 फीसदी उपभोक्ताओं का काम पूरा, उन्हें दोबारा कुछ नहीं करना
मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 19 सितंबर 2026 तक देश के कुल 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू गैस उपभोक्ताओं (लगभग 89.9 प्रतिशत) ने अपना बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। जिन उपभोक्ताओं की यह प्रक्रिया पहले ही संपन्न हो चुकी है, उन्हें किसी तरह की अतिरिक्त औपचारिकता पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी; वे पूर्ववत सब्सिडी दर पर सिलेंडर प्राप्त करते रहेंगे। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी या ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, वे प्रक्रिया पूरी होते ही तुरंत सब्सिडी वाले रिफिल बुक करने के पात्र हो जाएंगे।
फर्जी कनेक्शन और कॉमर्शियल डायवर्जन पर लगेगी लगाम
सरकार के मुताबिक, इस कड़े कदम से घरेलू उपयोग के सब्सिडी वाले सिलेंडरों के व्यावसायिक और औद्योगिक दुरुपयोग पर पूरी तरह रोक लगेगी। इसके अलावा फर्जी, डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शनों को छांटकर बाहर करने में मदद मिलेगी।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर पर सितंबर 2026 में अप्रत्यक्ष सब्सिडी लगभग 210 रुपये रही, जो जून में 721 रुपये तक पहुंच गई थी। घरेलू गैस पर सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की अंडर-रिकवरी 31 अगस्त 2026 तक 62,000 करोड़ रुपये को पार कर चुकी है। ऐसे में सब्सिडी योजना को वित्तीय रूप से टिकाऊ बनाए रखने के लिए लक्षित वितरण अनिवार्य हो गया है।
घर बैठे या डिलीवरी के समय कैसे पूरा करें बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन?
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तेल कंपनियों ने कई आसान माध्यम उपलब्ध कराए हैं:
-
सिलेंडर डिलीवरी के दौरान: जब डिलीवरी बॉय गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे, तब उपभोक्ता उनके पास उपलब्ध आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए मौके पर ही बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं।
-
डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर: नजदीकी गैस एजेंसी या डीलर के शोरूम में जाकर सीधे बायोमेट्रिक मशीन या ई-केवाईसी काउंटर से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
-
मोबाइल ऐप के जरिए (Self e-KYC):
-
इंडेन (Indane) के उपभोक्ता: IndianOil ONE ऐप
-
भारत गैस (Bharatgas) के उपभोक्ता: HelloBPCL ऐप
-
एचपी गैस (HP Gas) के उपभोक्ता: HP PAY ऐप
-
ऑथेंटिकेशन न कराने पर क्या बंद हो जाएगा सिलेंडर?
जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहते या किसी कारणवश असमर्थ हैं, उनकी रसोई गैस सप्लाई बंद नहीं होगी। हालांकि, उन्हें सब्सिडी का लाभ मिलना बंद हो जाएगा और सिलेंडर का भुगतान प्रचलित बाजार मूल्य (गैर-सब्सिडी दर) पर करना होगा।
ऐसे ग्राहकों को तेल कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप चैटबॉट या आईवीआरएस (IVRS) प्रणाली के जरिए गैर-सब्सिडी का विकल्प चुनना होगा। स्थानीय उपलब्धता के आधार पर उन्हें 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर गैर-सब्सिडी दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
देशव्यापी बायोमेट्रिक अभियान अक्टूबर 2023 से संचालित है, जिसकी अंतिम तारीख कई बार बढ़ाने के बाद 14 सितंबर तय की गई थी। सरकार ने शेष 10 फीसदी उपभोक्ताओं से 1 अक्टूबर से पहले ऑथेंटिकेशन कराने की अपील की है। किसी भी सहायता या शिकायत के लिए उपभोक्ता आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर सकते हैं।
voice of india