
वाराणसी ब्यूरो। धर्मनगरी वाराणसी में मानसूनी जलभराव को लेकर छिड़े सियासी संग्राम के बीच एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वाराणसी नगर निगम ने शहर की सीवर लाइनों को जानबूझकर चोक किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। शिवाला, सरायनंदन और नगवा समेत आधा दर्जन प्रमुख वार्डों की सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू से भरी बोरियां, भारी पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाईवुड और प्लास्टिक का भारी कचरा बरामद किया गया है। नगर निगम प्रशासन ने इसे शहर की छवि बिगाड़ने और कृत्रिम जलभराव खड़ा करने की सुनियोजित साजिश करार दिया है।
अखिलेश यादव के हमलों के बीच खुली ‘साजिश’ की परतें काशी में हाल के दिनों में हुए जलभराव को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार प्रदेश सरकार और नगर निगम प्रशासन पर तीखे हमले बोल रहे हैं। विपक्ष के इन हमलों के बीच जब सीवर लाइनों से भारी मात्रा में अवरोधक सामग्री निकली, तो प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने आनन-फानन में उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।
शिवाला में सीवर लाइन से निकलीं 12 बोरी बालू, गलियों में बहा गंदा पानी नगर निगम द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात शिवाला इलाके में नियमित सफाई के दौरान सफाईकर्मियों के होश उड़ गए। मुख्य सीवर पाइपलाइन के भीतर से एक-दो नहीं, बल्कि बालू से ठसाठस भरी 12 बोरियां बाहर निकाली गईं। इसके अलावा पाइपों के अंदर भारी पत्थर और प्लाई के टुकड़े फंसाए गए थे। मुख्य लाइन के पूरी तरह चोक हो जाने से सीवर का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की रिहायशी गलियों और सड़कों पर भरने लगा, जिससे आम नागरिकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।
महापौर और नगर आयुक्त ने किया ग्राउंड जीरो का मुआयना घटना की भनक लगते ही शनिवार सुबह महापौर और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल पार्षदों व तकनीकी अधिकारियों की टीम के साथ शिवाला क्षेत्र का मुआयना करने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें दिन-रात युद्धस्तर पर जुटी हैं। कई संवेदनशील इलाकों से जलभराव पूरी तरह खत्म कर दिया गया है, जबकि निचले पॉकेट्स में शक्तिशाली पंप सेट लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है।
भेलूपुर थाने में अज्ञात साजिशकर्ताओं पर तहरीर, CCTV फुटेज की पड़ताल तेज मुख्य सीवर नेटवर्क से छेड़छाड़ को नगर निगम ने आपराधिक कृत्य मानते हुए कानूनी शिकंजा कस दिया है। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता ने भेलूपुर थाने में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखित तहरीर सौंप दी है। तहरीर में स्पष्ट आरोप लगाया गया है कि शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त करने के इरादे से यह करतूत की गई है।
अब पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमें इलाके में लगे सभी सरकारी व निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने चेतावनी दी है कि शहर को बंधक बनाने की साजिश रचने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति सीवर मैनहोल या सरकारी ढांचे से छेड़छाड़ करता दिखे, तो फौरन हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें।
voice of india