
लखनऊ उत्तर प्रदेश की शासन व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी में व्यापक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने एक साथ 14 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और 34 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की है। इस फेरबदल के तहत कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) समेत अहम विभागों के विशेष सचिव और मंडलीय अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सहारनपुर, लखीमपुर खीरी और अंबेडकर नगर को मिले नए मुख्य विकास अधिकारी
प्रशासनिक बदलाव के तहत सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है। राज्य कर विभाग में अपर आयुक्त रहे डॉ. सुनील कुमार वर्मा अब सहारनपुर के नए सीडीओ होंगे। अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा को अंबेडकर नगर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
सचिवालय और अहम विभागों में विशेष सचिव स्तर पर जिम्मेदारियों में बदलाव लखीमपुर खीरी के सीडीओ अभिषेक कुमार को शासन में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। पूर्व से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में तैनात विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विशेष सचिव पद पर भेजा गया है। युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव पद की कमान सौंपी गई है। अंबेडकर नगर के मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को अब रेशम विभाग में विशेष सचिव एवं निदेशक बनाया गया है। अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
राजस्व परिषद, चिकित्सा शिक्षा और मंडलों में नए अफसरों की तैनाती राजस्व परिषद प्रयागराज के न्यायिक सदस्य साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव बनाया गया है। वहीं विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम तथा रेशम विभाग के विशेष सचिव व निदेशक रहे देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) नियुक्त किया गया है। सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को पदोन्नत कर अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। इधर चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव पद के दायित्व से अवमुक्त कर दिया गया है।
voice of india