Saturday , 12 September 2026

देवरिया में दिल दहला देने वाला हादसा: चोरी रोकने को दरवाजे पर छोड़े करंट ने ली 5 साल के मासूम की जान, खेल रही बच्ची झुलसी; आरोपी गिरफ्तार

(देवरिया) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में चोरी रोकने के लिए अपनाई गई जानलेवा तरकीब ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण गांव में एक मकान मालिक ने मुख्य दरवाजे की जगह लोहे के फ्रेम वाली चारपाई रखकर उसमें पतले तारों का जाल बिछाया और उसमें बिजली का तेज करंट प्रवाहित कर दिया। गुरुवार शाम खेलते समय पांच वर्षीय मासूम कार्तिक अनजाने में उस चारपाई के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आकर चिपक गया। आनन-फानन में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथ खेल रही एक बच्ची भी करंट के झटके से झुलस गई।

हैदराबाद में नौकरी करते हैं पिता, गांव में पसरा मातम ग्रामीणों के अनुसार, बलिया दक्षिण गांव निवासी हंसराज अपने भाइयों के साथ रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं। गांव में उनकी पत्नी संगीता देवी अपने दो मासूम बेटों के साथ रहती हैं। बड़ा बेटा कार्तिक गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। गुरुवार की शाम कार्तिक पड़ोस के बच्चों के साथ खेलने निकला था। खेलते-खेलते बच्चे पड़ोस में बने एक मकान के पास पहुंचे, जहां दरवाजे की जगह लोहे की चारपाई खड़ी की गई थी।

चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण, अस्पताल में तोड़ा दम जैसे ही कार्तिक का हाथ लोहे के फ्रेम से छुआ, हाई वोल्टेज करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और वह वहीं चिपक कर तड़पने लगा। पास खड़ी बच्ची ने जब उसे बचाने या खींचने का प्रयास किया तो वह भी झुलस गई। बच्चों की दिल दहला देने वाली चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और किसी तरह बिजली का संपर्क हटाकर दोनों को अलग किया। परिजन आनन-फानन में कार्तिक को भागलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां संगीता देवी बेसुध हो गईं।

गैर इरादतन हत्या (BNS 105) में केस दर्ज, आरोपी शहाबुद्दीन सलाखों के पीछे हादसे के बाद मृतक बच्चे के बाबा किशुन ने मईल थाने में लिखित तहरीर देकर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने जानबूझकर सार्वजनिक पहुंच वाले स्थान पर खुला करंट छोड़ रखा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया।

मईल थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि गांव के ही शहाबुद्दीन पुत्र मुमताज ने अपने मकान में चोरी से बचने के लिए दरवाजे पर लोहे की चारपाई में तारों का जाल लपेटकर उसमें करंट दौड़ाया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी शहाबुद्दीन को गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसने चोरी की नीयत से आने वालों को रोकने के लिए यह कदम उठाया था। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया है।

 

Check Also

2026 Maruti Suzuki Baleno Facelift: नई कीमतों का हुआ ऐलान, ₹5.99 लाख की शुरुआती कीमत में मिलेंगे ADAS और धांसू माइलेज जैसे फीचर्स

मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक 2026 बलेनो फेसलिफ्ट की कीमतों को लेकर स्थिति …