Tuesday , 8 September 2026

Box Office Record: नीम करोली बाबा पर बनी 2 करोड़ी ‘हनुमान अंश’ का चमत्कार, 32वें दिन ‘धुरंधर 2’ से दोगुनी कमाई कर रचा नया इतिहास

भारतीय सिनेमा के इतिहास में ऐसी फिल्में बेहद कम देखने को मिलती हैं, जो रिलीज के एक महीने बाद भी थिएटर्स में मजबूती से टिकी रहें और रोजाना नए कीर्तिमान स्थापित करें। इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ठीक ऐसा ही करिश्मा दिखा रही है नीम करोली बाबा के दिव्य जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी महज दो करोड़ रुपये के बजट वाली इस छोटे स्तर की फिल्म ने अपनी अप्रत्याशित कमाई से ट्रेड एनालिस्ट्स समेत पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है।

वर्ड ऑफ माउथ का चला जादू, नॉन-हॉलिडे पर कूटे 10 करोड़ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में बेहद सादगी के साथ रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ का शुरुआती कलेक्शन काफी धीमा और सामान्य था। दर्शकों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स और ‘वर्ड ऑफ माउथ’ के दम पर धीरे-धीरे यह फिल्म टिकट खिड़की पर आंधी बन गई। आलम यह है कि रिलीज के 32वें दिन भी यह फिल्म सिनेमाघरों में हाउसफुल चल रही है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, इस फिल्म ने अपने 32वें दिन देश भर में करीब 10 करोड़ रुपये का शानदार नेट कलेक्शन किया है।

‘धुरंधर 2’ जैसी महा-ब्लॉकबस्टर को भी पछाड़ा 32वें दिन की इस कमाई ने ट्रेड पंडितों को इसलिए भी चौंका दिया है, क्योंकि इसकी तुलना साल 2026 की सबसे बड़ी मेगाबजट फिल्म ‘धुरंधर 2’ से की जा रही है। दुनिया भर में 1800 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर भारत की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म का खिताब हासिल करने वाली रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ ने अपने 32वें दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 5.20 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। यानी ‘हनुमान अंश’ ने 32वें दिन के कलेक्शन के मामले में देश की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर से लगभग दोगुना कलेक्शन दर्ज किया है।

बजट 2 करोड़, एक ही दिन में कमा डाले लागत से 5 गुना पैसे इस आंकड़े का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि ‘धुरंधर 2’ का 32वां दिन रविवार (छुट्टी का दिन) था, जबकि ‘हनुमान अंश’ ने यह 10 करोड़ का दोहरा आंकड़ा सोमवार (वर्किंग डे) को छूकर दिखाया है। महज 2 करोड़ रुपये में तैयार हुई इस फिल्म ने अकेले 32वें दिन अपनी कुल लागत से पांच गुना अधिक कारोबार कर डाला है।

कुल कलेक्शन 132 करोड़ के पार, बजट से 66 गुना मुनाफा अब तक के सफर की बात करें तो 32 दिनों के बाद ‘हनुमान अंश’ का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 132.13 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। फिल्म अब तक अपनी कुल लागत से 66 गुना ज्यादा मुनाफा कमाकर ऑल-टाइम ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर की सूची में शामिल हो चुकी है। पर्दे पर अभिनेता शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया है। सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह फिल्म कमाई के कई और रिकॉर्ड ध्वस्त करेगी।

 

Check Also

Maruti Suzuki Festive Offers: फेस्टिव सीजन में मारुति का बड़ा तोहफा, Victoris से लेकर Swift तक पर ₹1.35 लाख तक की भारी छूट; देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ नई कार खरीदने की योजना बना रहे …