
कौशांबी। जिले के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद शासन-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इस दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चों समेत 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन ने मुख्य आरोपी मोहम्मद आदिल के अवैध गोदाम को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया है। इसके साथ ही कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में पिपरी थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
सस्पेंड लाइसेंस के बावजूद चल रही थी फैक्ट्री, 6 नामजद पर BNS और विस्फोटक एक्ट
कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि इस फैक्ट्री का लाइसेंस साल 2024 में ही निरस्त (सस्पेंड) कर दिया गया था। इसके बावजूद अवैध रूप से बारूद का भंडारण और पटाखों का निर्माण जारी था। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के अनुसार, पिपरी थाने में BNS (भारतीय न्याय संहिता) और विस्फोटक अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं के तहत 6 नामजद आरोपियों—नौशाद अली, शकील और उनकी पत्नियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शबाना और साइना को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए 4 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाकर उनकी अवैध संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा।
पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: SHO लाइन हाजिर, सिपाही निलंबित
अवैध फैक्ट्री संचालन की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई न करने और सूचनाएं छिपाने के आरोप में एसपी ने कड़ा एक्शन लिया है:
-
लाइन हाजिर: पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह, चायल चौकी प्रभारी अमित द्विवेदी और पूर्व चायल चौकी इंचार्ज मनीष पाल।
-
निलंबित (सस्पेंड): बीट सिपाही जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार।
हादसे में 7 मासूम बच्चों समेत 11 ने गंवाई जान, प्रयागराज SRN में घायलों का इलाज
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मलबे से 11 शव बरामद किए गए, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। घायलों का इलाज प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की सूची:
-
प्रियांजलि (5 वर्ष), नन्हा (4 वर्ष), अंश (6 वर्ष), रवि (8 वर्ष), आदित्य (8 वर्ष), आदित्य (12 वर्ष), जाह्नवी (12 वर्ष), प्रवीण सिंह (13 वर्ष)।
-
अंजू (32 वर्ष), विक्रम सरोज (35 वर्ष), ज्ञान सिंह (40 वर्ष)।
पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया गहरा दुख, आर्थिक मदद की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए।
voice of india