Friday , 28 August 2026

पति ने प्राइवेट नौकरी कर पत्नी को बनाया बिहार पुलिस में सिपाही, वर्दी मिलते ही प्रेमी संग फरार; ट्रेनिंग पूरी होते ही बदले तेवर, व्हाट्सएप चैट से खुला अवैध संबंधों का राज

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक पति ने अपनी गाढ़ी कमाई और दिन-रात की मेहनत से पढ़ा-लिखाकर जिस पत्नी को बिहार पुलिस में कांस्टेबल बनवाया, खाकी वर्दी और सरकारी नौकरी मिलते ही वह अपने प्रेमी के संग फरार हो गई। पीड़ित पति अजय सिंह ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहतास के पास गुहार लगाई है। फरार महिला सिपाही की पहचान अर्चना भारती के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बेगूसराय स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) बटालियन में तैनात थी। आरोप है कि वह अपने प्रेमी विवेक कुमार के साथ घर छोड़कर चली गई है।

प्राइवेट नौकरी कर पत्नी को कोचिंग कराई, परीक्षा दिलाने दूसरे शहरों तक ले गया पति अजय सिंह और अर्चना भारती की शादी कुछ वर्ष पूर्व पूरे हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। शादी के बाद अर्चना ने उच्च शिक्षा हासिल करने और सरकारी नौकरी की तैयारी करने की इच्छा जताई। नगर परिषद में प्राइवेट नौकरी करने वाले अजय ने सीमित आय के बावजूद पत्नी के सपनों को पूरा करने का बीड़ा उठाया। अजय ने अपनी मेहनत की कमाई से अर्चना का दाखिला स्थानीय कोचिंग संस्थान में कराया और परीक्षा दिलाने के लिए अलग-अलग शहरों तक खुद साथ लेकर गए। पति का त्याग और दोनों की मेहनत रंग लाई और अर्चना का चयन बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर हो गया।

ट्रेनिंग पूरी होते ही बदले तेवर, व्हाट्सएप चैट से खुला अवैध संबंधों का राज ट्रेनिंग पूरी होने के बाद जब अर्चना को बेगूसराय में पहली पोस्टिंग मिली, तो परिवार में खुशियों का माहौल था। हालांकि, नौकरी शुरू करने के कुछ ही समय बाद अर्चना के व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा और उसने पति व ससुराल वालों से दूरियां बनानी शुरू कर दीं। जुलाई महीने में जब वह छुट्टी पर घर आई, तो अजय को उसके मोबाइल में विवेक कुमार नाम के युवक के साथ आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट मिल गई। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ, जिसके तुरंत बाद अर्चना घर से फरार होकर प्रेमी संग चली गई।

सास ने दामाद के पक्ष में खोला मोर्चा, ‘ज्योति मौर्य’ कांड से हो रही तुलना इस पूरे प्रकरण में सबसे अनोखा मोड़ तब आया जब अर्चना की मां यानी अजय की सास शकुंतला देवी ने अपनी ही बेटी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बेटी के इस कदम से शर्मिंदा होकर शकुंतला देवी स्वयं एसपी कार्यालय पहुंचीं और दामाद अजय सिंह के पक्ष में खड़ी होकर न्याय की मांग की। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इस घटना की तुलना उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित ‘ज्योति मौर्य’ प्रकरण से की जा रही है। रोहतास पुलिस ने पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की विधिक जांच में जुटी है।

 

Check Also

प्रतापगढ़ में PM किसान योजना में महाघोटाला: कुंडा तहसील की लॉगिन ID हैक कर 3 लाख फर्जी खाते खोले, जानिए कैसे खुला राज़ 

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) में बड़े स्तर …