Wednesday , 5 August 2026

जंतर-मंतर लाठीचार्ज और राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर संसद में प्रचंड संग्राम: राहुल-खड़गे का मकर द्वार तक मार्च, प्रियंका गांधी ने लाठीचार्ज पर पूछे सवाल

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में विपक्ष का आक्रामक रुख बरकरार है। बुधवार को विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मुद्दों को लेकर संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा से लेकर मकर द्वार तक पैदल मार्च निकाला और सरकार विरोधी नारेबाजी की। विपक्ष की मांग है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद सदन में उपस्थित होकर इन संवेदनशील मुद्दों पर जवाब दें।

हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष का हंगामा और नारेबाजी जारी रही, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को पहले कुछ समय और बाद में दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

इसी बीच, परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) पर आम सहमति बनाने के लिए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ संसद परिसर में करीब 50 मिनट तक अहम बैठक की। सरकार इस सत्र के लिए सूचीबद्ध 8 विधेयकों में से 3 पास करा चुकी है, जबकि बैंकिंग और टैक्स संशोधन बिल समेत बाकी 5 विधेयकों को दोनों सदनों से पारित कराने की कोशिश में है।

खड़गे का तीखा सवाल: ‘राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच ED और CBI क्यों नहीं कर रहीं?’

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार को घेरते हुए कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया है और प्रधानमंत्री खुद मंदिर के हर कार्यक्रम में शामिल होते रहे हैं। ऐसे में ट्रस्ट के चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों पर ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) जैसी केंद्रीय एजेंसियां खामोश क्यों हैं?

इस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाली कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आज सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए घड़ियाली आंसू बहा रही हैं।

प्रियंका गांधी ने लाठीचार्ज पर पूछे सवाल, डिंपल यादव ने उठाया E-20 फ्यूल का मुद्दा

छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अगर जंतर-मंतर पर बच्चों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पेलेट गन का इस्तेमाल हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने पूछा कि आखिर यह आदेश किसने दिया था?

उधर, समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने संसद में E-20 इथेनॉल मिश्रित ईंधन का मुद्दा उठाया। डिंपल यादव ने कहा कि E20 ईंधन से गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे हैं और माइलेज कम हो रहा है, लेकिन सरकार ने आम लोगों के इस सीधे मुद्दे पर कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए हैं।

लोकसभा में बैंकिंग और टैक्स संशोधन विधेयक पर चर्चा की तैयारी

सदन में आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, 2026 और टैक्सेशन एंड अदर लॉ (अमेंडमेंट) बिल, 2026 पेश किए जाने और उन पर चर्चा कराए जाने की कार्यसूची है। वहीं, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नए दल-बदल विरोधी कानून और मणिकम टैगोर ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया है।

Check Also

कपड़े फाड़े, निजी अंग छुए…सुल्तानपुर से BJP विधायक पर महिला ने लगाया रेप की कोशिश का आरोप…बेटी के सामूहिक दुष्कर्म की धमकी देकर बुलाया, फिर….

लखनऊ/दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक विनोद सिंह …