कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित देवीपुर डेरा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 5 साल के मासूम बच्चे के साथ कुकर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए सिकंदरा थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
आम का लालच देकर ले गया, हैवानियत के बाद दबाया गला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 अगस्त की शाम करीब सात बजे की है। 5 वर्षीय मासूम अपनी बहनों के पीछे-पीछे गांव के बाहर बने स्कूल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला 25 वर्षीय आरोपी अंकत उर्फ महावीर उर्फ काड़ा बच्चे को आम तोड़कर देने का लालच देकर एक सुनसान जगह पर ले गया।
आरोपी ने वहां मासूम के साथ घिनौना कृत्य (कुकर्म) किया। जब उसे डर सताने लगा कि मासूम घर जाकर पूरी बात बता देगा, तो उसने पहचान उजागर होने के खौफ में अपने दोनों हाथों से बच्चे का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मासूम के शव को झाड़ियों में छुपा दिया और मौके से फरार हो गया।
चालाकी पड़ी भारी, खुद ही झाड़ियों से उठाकर लाया था शव
मासूम के घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो आरोपी अंकत खुद को बेकसूर साबित करने के लिए गांव वालों के साथ ढूंढने के नाटक में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद ही झाड़ियों के पास पहुंचा और अनजान बनते हुए बच्चे के शव को उठाकर ग्रामीणों के बीच ले आया।
परिजन तुरंत बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं, दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए फॉरेंसिक जांच के लिए नमूने सुरक्षित कर लिए गए। पुलिस ने तत्काल हत्या और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
कांधी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार, एसपी ने टीम की सराहना की
पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्यों, ग्रामीणों से पूछताछ और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की घेराबंदी की। मंगलवार तड़के पुलिस टीम ने कांधी ओवरब्रिज के पास से आरोपी अंकत उर्फ महावीर को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी का आधिकारिक बयान: “घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) को मौके पर भेजकर गहन छानबीन कराई गई थी। साथ ही क्षेत्राधिकारी (CO) सिकंदरा के नेतृत्व में पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई थीं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। मंगलवार सुबह मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।” — श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एसपी (कानपुर देहात)
voice of india
