
, मुंबई। छोटे पर्दे की लोकप्रिय अभिनेत्री अदिति शर्मा अपनी पर्सनल लाइफ और शादीशुदा जिंदगी में मचे बवाल को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। एक्ट्रेस ने मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में अपने पति, सास और ननद के खिलाफ घरेलू हिंसा (Domestic Violence) और प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गोरेगांव पुलिस ने शुक्रवार (31 जुलाई) को अदिति के पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। एक्ट्रेस ने अपने ससुराल पक्ष पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज, चरित्र पर उंगली उठाने और स्त्रीधन का अवैध इस्तेमाल करने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं।
शादी के दो दिन बाद ही बदलने लगा पति का बर्ताव
पुलिस को दी गई शिकायत में अदिति शर्मा ने बताया कि नवंबर 2024 में शादी के महज दो-तीन दिन बाद ही उनके पति अभिनीत का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उनके पहनावे पर एतराज जताया जाने लगा और छोटी-छोटी बातों पर झगड़े शुरू हो गए। एक्ट्रेस का आरोप है कि घर चलाने में आर्थिक मदद करने की बजाय उनका पति उनसे उल्टे पैसे ऐंठने लगा था।
कैरेक्टर पर शक और फोन चेकिंग के आरोप:
शिकायत के मुताबिक, 1 जनवरी 2025 को कॉफी पीने के दौरान हुई मामूली बहस गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद पति को अदिति के चरित्र पर बेबुनियाद शक होने लगा और अफेयर के फर्जी आरोप लगाए गए। पति जबरन उनका मोबाइल फोन चेक करता था, अलग कमरे में सोने लगा और उन्हें अपने माता-पिता से बात करने से भी रोक दिया गया।
“सास ने हड़प लिए गहने, ननद ने भी किया परेशान”
अदिति ने अपनी सास पर ‘स्त्रीधन’ हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। एक्ट्रेस का कहना है कि शादी में मिले सोने की चेन, हीरे की अंगूठी, मंगलसूत्र और चूड़ियां जैसी सभी कीमती ज्वेलरी उनकी सास ने अपने पास रख ली। बार-बार मांगने के बावजूद उन्हें गहने वापस नहीं किए गए।
जब मामले को सुलझाने के नाम पर सास और ननद घर आईं, तो उन्होंने निष्पक्ष रहने के बजाय उल्टे पति का पक्ष लिया और अदिति के साथ बदसलूकी व मानसिक उत्पीड़न किया।
लिव-इन रिलेशनशिप के बाद 2024 में हुई थी शादी
पुलिस बयान के अनुसार, अदिति और अभिनीत की पहली मुलाकात जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदली। शादी से पहले दोनों गोरेगांव वेस्ट स्थित एक फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे।
इसके बाद दोनों ने नवंबर 2024 में धूमधाम से शादी रचाई थी। फिलहाल गोरेगांव पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
voice of india