लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भक्तामऊ (बुद्धेश्वर चौराहा) स्थित किराए के मकान में रहने वाली एक दरोगा की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने लखनऊ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए पति, सास, देवर और देवरानी पर विनीता को जहर देकर मार डालने का संगीन आरोप लगाया है।
2008 में हुई थी शादी, शराब के नशे में प्रताड़ित करने का आरोप
मूल रूप से गाजियाबाद के मोदीनगर (शाकुरपुर) की रहने वाली विनीता (35 वर्ष) की शादी साल 2008 में मेरठ के टीमकिया निवासी अवनीश कुमार के साथ हुई थी। अवनीश वर्तमान में लखनऊ के कैंट थाने में बतौर दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) तैनात है। विनीता अपने पति और 13 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ भक्तामऊ में किराए पर रहती थी। मृतका के भाई विनय का आरोप है कि शादी के बाद से ही विनीता को ससुराल वाले ताने मारते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी। कई बार पारिवारिक पंचायतें भी हुईं, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ।
फोन पर मां को सुनाई थी आपबीती, 13 साल के मासूम बेटे ने खोला राज
मृतका के भाई के अनुसार, घटना की शाम करीब 7 बजे विनीता ने अपनी मां को फोन करके अपनी आपबीती सुनाई थी, लेकिन बातचीत के बीच में ही कॉल कट गया। इसके महज एक घंटे बाद ससुराल पक्ष के एक रिश्तेदार ने फोन पर विनीता की हालत गंभीर होने और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। जब मायके वाले लखनऊ पहुंचे, तब तक विनीता की सांसें थम चुकी थीं।
घटना के वक्त घर में मौजूद मृतका के 13 वर्षीय बेटे कार्तिक ने खुलासा किया कि उसके पापा शाम को शराब के नशे में घर पहुंचे थे। इसके बाद मम्मी और पापा के बीच तीखा विवाद और मारपीट हुई। डर के मारे बच्चा ऊपर वाले कमरे में चला गया था।
मेडिकल कॉलेज से पुलिस को मिली सूचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इरा मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्ड ने ठाकुरगंज थाने को विनीता की मौत की सूचना दी। अस्पताल अभिलेखों के अनुसार, विनीता को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच और पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर तीखा झगड़ा हुआ था, जिसके बाद विनीता ने बाथरूम में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
मामले पर पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने और आरोपों के आधार पर साक्ष्य मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
