Sunday , 27 September 2026

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: जैवलिन थ्रो के फाइनल में पहुंचे नीरज चोपड़ा, पाकिस्तान के अरशद नदीम को पछाड़ा; रोहित और यशवीर ने भी मारी बाजी

ग्लासगो (स्कॉटलैंड)।  ग्लासगो के स्कॉटस्टौन स्टेडियम में आयोजित ‘कॉमनवेल्थ गेम्स 2026’ के पुरुषों की भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड से भारत के लिए बहुत बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। ग्लासगो की तेज और चुनौतीपूर्ण हवाओं के बीच भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट कटा लिया है। इस दौरान नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपनी लय दिखाते हुए अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के अरशद नदीम को पीछे छोड़ दिया।

क्वालिफाइंग राउंड में नीरज चोपड़ा का जलवा

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मेंस जैवलिन थ्रो क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर का थ्रो फेंककर आसानी से फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के अरशद नदीम 78.63 मीटर के थ्रो के साथ सातवें स्थान पर रहे। बता दें कि क्वालिफाइंग दौर की एंट्री लिस्ट में 14 देशों के कुल 18 थ्रोअर शामिल थे, जिनमें से शीर्ष 12 खिलाड़ियों ने फाइनल में प्रवेश किया है।

यशवीर सिंह और रोहित यादव ने भी दिखाया दम

भारत के दो अन्य युवाओं ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया:

  • रोहित यादव: रोहित ने पहले प्रयास में 77.04 मीटर और दूसरे प्रयास में 78.37 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। इसके साथ ही वह कुल मिलाकर नौवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे।

  • यशवीर सिंह: यशवीर ने 73.89 मीटर से शुरुआत की और अपने अंतिम प्रयास में 78.36 मीटर का बेहतरीन थ्रो फेंका। वे 10वें स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे।

फाइनल में जगह बनाने वाले टॉप-12 जैवलिन थ्रोअर

  1. रुमेश पथिराज (श्रीलंका) – 82.84 मीटर

  2. एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा) – 81.29 मीटर

  3. डाउ स्मिथ (दक्षिण अफ़्रीका) – 80.64 मीटर

  4. बेन ईस्ट (इंग्लैंड) – 80.38 मीटर

  5. नीरज चोपड़ा (भारत) – 79.61 मीटर

  6. कैमरन मैकिन्टायर (ऑस्ट्रेलिया) – 78.91 मीटर

  7. अरशद नदीम (पाकिस्तान) – 78.63 मीटर

  8. कीशॉन स्ट्रैचन (बहामास) – 78.60 मीटर

  9. रोहित यादव (भारत) – 78.37 मीटर

  10. यशवीर सिंह (भारत) – 78.36 मीटर

  11. केशॉर्न वॉलकॉट (त्रिनिदाद और टोबैगो) – 78.26 मीटर

  12. चिनेचेरेम न्नामदी (नाइजीरिया) – 75.27 मीटर

 

Check Also

आसमान से दिखा कुदरत का अजब खेल: ISRO के INSAT-3DS ने खींची तस्वीर, दो हिस्सों में बंटा दिखा भारत का मौसम

नई दिल्ली।  भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अत्याधुनिक मौसम उपग्रह ‘इनसेट-3डीएस’ (INSAT-3DS) ने अंतरिक्ष …