Thursday , 30 July 2026

VIDEO : टीवी सीरियल पर छिड़ी ऐसी बहस, 16वीं मंजिल की बालकनी से लटकी युवती: ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में उड़े होश

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) की एक नामी सोसाइटी से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां टीवी सीरियल के एक सीन को लेकर शुरू हुई मामूली बहस ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में आई एक युवती 16वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी की रेलिंग के पार जाकर लटक गई। यह नजारा देख आसपास की इमारतों में मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी का है वायरल वीडियो

जानकारी के मुताबिक, यह सनसनीखेज घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के ‘एच टावर’ की है। थाना बिसरख पुलिस ने बताया कि 16वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी एक युवक और युवती लिव-इन में किराए पर रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 3:00 बजे दोनों घर में बैठकर टीवी पर सीरियल देख रहे थे।

टीवी सीरियल के सीन को लेकर हुई तू-तू, मैं-मैं

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि टीवी पर चल रहे धारावाहिक को लेकर दोनों की राय अलग-अलग थी। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि युवती भारी गुस्से में बालकनी की ओर भागी और रेलिंग के पार जाकर बाहर की तरफ खड़ी हो गई। युवती को 16वीं मंजिल की ऊंचाई पर इस तरह मौत के मुहाने पर खड़ा देख युवक और आसपास के लोगों के हाथ-पांव फूल गए।

पड़ोसियों ने बनाया वीडियो, समझाने पर अंदर आई युवती

युवती को बालकनी से लटका देख सामने की टावर में रहने वाली एक महिला ने तुरंत अपने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया। इस दौरान प्रेमी और पड़ोसियों ने चिल्लाकर युवती को शांत कराया और काफी मिन्नतें करके अंदर आने को कहा। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवती का गुस्सा शांत हुआ और वह खुद सुरक्षित बालकनी के अंदर आ गई। गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई अनहोनी या जनहानि नहीं हुई।

पुलिस ने दी सख्त हिदायत, दोहराने पर होगी कार्रवाई

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद थाना बिसरख पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ की। बिसरख कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला पूरी तरह से आपसी कहासुनी का था। दोनों पक्षों में से किसी ने भी कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने युवक और युवती को थाने बुलाकर काउंसिलिंग की और भविष्य में ऐसी जानलेवा हरकत न दोहराने की सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया। पुलिस ने साफ किया है कि यदि आगे ऐसी कोई लापरवाही सामने आती है तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

अच्छा नहीं कर रहे बच्चों को स्मार्टफोन देने वाले अभिभावक : मुख्यमंत्री

*गोरखनाथ मंदिर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्रीराम कथा विश्राम अवसर पर सीएम योगी …