Monday , 27 July 2026

वाराणसी: नर्सरी के मासूम ने पैंट में किया पेशाब, तो खौफनाक हुई शिक्षिका… गर्म चाकू से दागा प्राइवेट पार्ट, पुलिस जांच शुरू

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल में पढ़ाई कर रहे महज पांच साल के मासूम बच्चे के साथ अनुशासन के नाम पर ऐसी हैवानियत की गई, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठेगी। आरोप है कि पैंट में पेशाब हो जाने से नाराज एक शिक्षिका ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए मासूम के प्राइवेट पार्ट को गर्म चाकू से दाग दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार न्याय के लिए गुहार लगा रहा है।

बाथरूम जाने की नहीं मिली इजाजत, डर के मारे पैंट में छूटा पेशाब

पूरा मामला वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अकथा स्थित जेडी नगर कॉलोनी का है। पीड़ित बच्चे के पिता (जो पेशे से अधिवक्ता हैं) द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उनका पांच वर्षीय बेटा स्थानीय स्कूल में नर्सरी क्लास का छात्र है। बीते शनिवार को कक्षा में पढ़ाई के दौरान मासूम ने अपनी टीचर से टॉयलेट जाने की इजाजत मांगी थी। आरोप है कि शिक्षिका ने बच्चे को बाथरूम जाने की अनुमति नहीं दी। काफी देर तक पेशाब रोकने की कोशिश करने के बाद आखिरकार बच्चे का पैंट में ही पेशाब निकल गया।

कमरे में ले जाकर दी अमानवीय सजा, दी दोबारा ऐसा करने पर जान से मारने की धमकी

इसी बात से आपा खो चुकी शिक्षिका मासूम को खींचते हुए दूसरे कमरे में ले गई। आरोप है कि वहां शिक्षिका ने रसोई गैस पर चाकू गर्म किया और मासूम बच्चे के प्राइवेट पार्ट को बेदर्दी से दाग दिया। दर्द से कराहते और चीखते-चिल्लाते बच्चे के साथ मारपीट भी की गई। आरोपी शिक्षिका ने मासूम को डराते हुए धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया या दोबारा ऐसा किया, तो उसका इससे भी बुरा हाल किया जाएगा।

घर पहुंचते ही रो पड़े मासूम के आंसू, परिजनों के विरोध पर स्कूल प्रशासन ने दी धमकी

स्कूल से घर लौटने के बाद जब मासूम दर्द से तड़पते हुए लगातार रोता रहा, तो मां-बाप को अनहोनी का अंदेशा हुआ। पूछने पर डरे-सहमे बच्चे ने शिक्षिका की इस दरिंदगी की पूरी कहानी परिजनों को बयां की। मासूम की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बदहवास हालत में जब परिजन जवाब मांगने स्कूल पहुंचे, तो आरोप है कि वहां के प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधक ने अपनी गलती मानने के बजाय परिजनों के साथ ही बदसलूकी की और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं।

मेडिकल जांच के बाद मुकदमा दर्ज, पुलिस ने तेज की कानूनी कार्रवाई

घटना की जानकारी जंगल में आग की तरह फैली और बड़ी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता पीड़ित परिवार के समर्थन में थाने पहुंच गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस ने पीड़ित मासूम का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें चोट और जलने की पुष्टि के संकेत मिले हैं। लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षिका, स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधन समिति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Check Also

लखनऊ अग्निकांड के बाद एक्शन में बरेली प्रशासन: 15 हजार अवैध व्यावसायिक भवनों पर कसेगा शिकंजा, पहले चरण में इन वीआईपी और घनी आबादी वाले इलाकों पर स्ट्राइक

बरेली। राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश का नगर …