Monday , 27 July 2026

मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना….NEET में कम नंबर आने से टूटी छात्रा की आस, सुसाइड नोट में लिखी रुला देने वाली बात

अहिल्यानगर। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (पूर्व में अहमदनगर) जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करजत तालुका के जलालपुर गांव में NEET परीक्षा में असफलता के डर और तनाव के चलते एक 18 वर्षीय होनहार छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान अंकिता सांगले के रूप में हुई है, जो पिछले काफी समय से डॉक्टर बनने का सपना संजोए कड़ी मेहनत कर रही थी। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसार गया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

स्टडी रूम में फंदे से झूलती मिली छात्रा

परिजनों के अनुसार, अंकिता का सपना मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का था। NEET परीक्षा के नतीजों में उसे 166 अंक हासिल हुए थे, जो उसकी उम्मीदों से बेहद कम थे। कम अंक आने के बाद से ही वह गहरे मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रही थी। रविवार शाम वह अपने अलग बने स्टडी रूम में पढ़ाई करने के बहाने गई थी। काफी देर तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखकर परिजनों के पांव तले जमीन खिसक गई। अंकिता फंदे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

‘मम्मी, दादा मुझे माफ कर देना…’ भावुक कर देगा सुसाइड नोट

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जो मराठी भाषा में लिखा गया है। सुसाइड नोट में अंकिता का दर्द और अपनों के प्रति प्यार साफ छलकता है। उसने लिखा, “मुझे इतना प्यार दिया, लेकिन मैं आपकी एक भी इच्छा पूरी नहीं कर सकी। मम्मी, तुमने तो हर मुसीबत में दोस्त बनकर मेरा साथ दिया। दादा, तुमने भी मेरा बहुत साथ दिया। मेरी आत्महत्या के लिए आप जिम्मेदार नहीं हैं। आपने मुझे जो खुशी दी है, उसे मैं कभी नहीं भूल सकती।”

उसने अपने भाई से माता-पिता का ख्याल रखने की गुजारिश करते हुए आगे लिखा, “दादा, तुम मम्मी-पापा का अच्छे से ख्याल रखना। उन्हें किसी चीज़ की कमी मत होने देना। तुम भी खुश रहो। मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना। पहले भी जब मैं NEET की पढ़ाई कर रही थी, तब आप सबने बहुत त्याग किया और मैंने क्या किया… आपकी इच्छा पूरी नहीं कर सकी। अब कोई परेशानी मत लेना, खुश रहो।”

पुलिस महकमे में हलचल, जांच में जुटी टीम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अन्ना सांगले की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सांसद नीलेश लंके पहुंचे पीड़िता के घर, सरकार पर दागे तीखे सवाल

इस दुखद खबर के सामने आने के बाद एनसीपी (शरद पवार गुट) के सांसद नीलेश लंके अंकिता के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने इस घटना को लेकर राज्य व केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। सांसद लंके ने कहा कि यदि NEET परीक्षा में हुए विवादों और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच समय रहते की गई होती, तो आज किसी मासूम को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी की लापरवाही या धांधली सामने आती है, तो दोषियों पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

Check Also

बॉक्स ऑफिस पर थलापति विजय का ‘जन नायकन’ वाला तूफान: 4 दिनों में 200 करोड़ पार, हर तरफ छाया सुपरस्टार का जादू

चेन्नई। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की बहुचर्चित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘जन नायकन’ का बॉक्स …