नई दिल्ली। NEET-2026 पेपर लीक विवाद और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर राजधानी दिल्ली में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। एक तरफ जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है, तो दूसरी तरफ एनडीए (NDA) संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन ज्वलंत मुद्दों पर सरकार का रुख साफ किया है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने नीट मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और किसानों को भी आश्वस्त किया है।
NDA बैठक में बोले PM मोदी: ‘पेपर लीक पर न हो राजनीति, किसानों का नहीं होगा नुकसान’
मंगलवार को आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट परीक्षा विवाद और किसान आंदोलन पर अपनी बात रखी।
बैठक के प्रमुख बिंदु:
-
पेपर लीक पर कड़ा रुख: पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
-
किसान हितों की सुरक्षा: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर किसानों की चिंताओं को दूर करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्वास दिलाया कि इस समझौते से देश के किसानों को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचेगा।
अभिजीत दीपके का बड़ा दावा: ‘पुलिस बर्बरता के कारण वांगचुक ने जारी रखा अनशन’
उधर, जंतर-मंतर पर मोर्चा संभाले अभिजीत दीपके ने पुलिस प्रशासन और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सोमवार को हुए संसद मार्च के दौरान पुलिस ने छात्रों पर बर्बरता की, जिससे माहौल बिगड़ा।
दीपके ने बताया, “सोनम वांगचुक सर सोमवार को अपना अनशन खत्म करने वाले थे। उनके अनशन का 23वां दिन था और हमने बहुत मुश्किल से उन्हें इसके लिए राजी किया था। हमने उनसे कहा था कि आपका जीवन देश के लिए बहुत कीमती है, इसलिए कृपया अनशन खत्म कर दें।”
उन्होंने आगे कहा कि सोमवार को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और हिंसा को देखने के बाद सोनम वांगचुक ने अपना फैसला बदल दिया है और अब उन्होंने अनशन जारी रखने का निर्णय लिया है।
‘छात्रों की सुरक्षा प्राथमिकता, फिलहाल संसद मार्च स्थगित’
अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया कि छात्र आंदोलनकारी फिलहाल संसद मार्च नहीं निकालेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस को छात्रों की सुरक्षा की कोई परवाह नहीं है और सोमवार को छात्रों का खून बहाया गया।
दीपके ने कहा, “हमें अपने छात्रों और युवा साथियों की जान की परवाह है। इसलिए हम फिलहाल संसद मार्च नहीं निकाल रहे हैं, लेकिन सोनम वांगचुक का अनशन और हमारा शांतिपूर्ण आंदोलन लगातार जारी रहेगा।”
20 जुलाई के बड़े अपडेट्स
- कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला। सुबह 8 से शाम 5 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान कई बार प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई।
- जेपी नड्डा और कॉकरोच जनता पार्टी के डेलीगेशन के बीच बातचीत हुई। नड्डा ने कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया। CJP प्रतिनिधिमंडल ने 3 मांगें रखीं।
- धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह के बीच लंबी बैठक हुई, लेकिन बातचीत का विषय क्या था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई।
- अभिजीत दीपके ने अनशन तोड़ा, उनके अलावा 22 दिन से भूख हड़ताल कर रहे 3 और स्टूडेंट्स ने अनशन खत्म कर दिया।
- सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया। कहा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बर्बरतापूण कार्रवाई की है।
- दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम की पत्नी गीतांजलि अंग्मो की याचिका पर सुनवाई की। वांगचुक की हेल्थ रिपोर्ट मांगी। आज फिर सुनवाई होगी।
- नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि झड़पों में 90 से 100 पुलिसकर्मी और 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।
voice of india
