मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौड़ी मोहल्ले में बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर रिटायर्ड बैंक कर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड (डबल मर्डर) से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में दहशत का माहौल है।
बेंगलुरु में बैठे बेटे ने देखा सीसीटीवी बंद, पड़ोसी को भेजा तो खुला राज
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब बेंगलुरु में रह रहे दंपती के बेटे ने अपने घर के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के अचानक बंद होने पर संदेह जताया। उसने तुरंत पड़ोसियों को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी जब घर के भीतर पहुंचे तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। फर्स्ट फ्लोर पर अशोक कुंवर का खून से लथपथ शव पड़ा था, जबकि तीसरी मंजिल पर उनकी पत्नी नीलम कुंवर की लाश मिली। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना मिठनपुरा पुलिस को दी।
पति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, पत्नी का मुंह बांधकर गमछे से घोंटा गला
वारदात के तरीके से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने बेहद शातिराना अंदाज में घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने सबसे पहले फर्स्ट फ्लोर पर रिटायर्ड बैंक कर्मी अशोक कुंवर पर हमला किया। उनकी पीठ पर चाकू से किए गए करीब एक दर्जन वार के निशान मिले हैं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद अपराधी तीसरे फ्लोर पर पहुंचे, जहां उन्होंने नीलम कुंवर के मुंह पर टेप चिपकाया और गले में गमछा लपेटकर घोंट दिया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
FSL की टीम जुटा रही साक्ष्य, सिटी एसपी के नेतृत्व में SIT गठित
सूचना मिलते ही मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार और सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया चाकू मारकर और गला घोंटकर हत्या का मामला लग रहा है। मामले के त्वरित खुलासे के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया गया है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कातिलों का सुराग लगाया जा सके।
voice of india
