Sunday , 12 July 2026

कानपुर के होटल में प्रेमी युगल ने खाया सल्फास, शादीशुदा जिंदगी के बीच पनपी अधूरी मोहब्बत का खौफनाक अंत…4 घंटे बाद कमरे से आई चीखें

 कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घंटाघर स्थित ‘सूर्या होटल’ के एक कमरे में प्रेमी युगल ने सल्फास खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह खौफनाक कदम उठाने वाले प्रेमी और प्रेमिका दोनों ही पहले से शादीशुदा थे और उनके अपने-अपने परिवार थे।

शनिवार की दोपहर होटल में चेक-इन करने के महज 4 घंटे बाद ही दोनों की लाशें कमरे के फर्श पर पड़ी मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कलक्टरगंज थाना पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों के शवों को कब्जे में लिया और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दोहरी आत्महत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और कई अनसुलझे सवाल पीछे छूट गए हैं।

हंसते-खिलखिलाते किया था चेक-इन, 4 घंटे बाद कमरे से आई चीखें

होटल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों बेहद सामान्य और हंसते-खिलखिलाते हुए होटल पहुंचे थे। होटल के गेस्ट रजिस्टर में युवक ने अपनी पहचान दिग्विजय सिंह निवासी फतेहपुर और महिला ने शिवांगी तिवारी निवासी उन्नाव के रूप में दर्ज कराई थी। आईडी जमा करने के बाद दोनों कमरा नंबर-104 में चले गए।

होटल कर्मचारियों के अनुसार, दोपहर साढ़े तीन बजे तक कमरे के भीतर सब कुछ सामान्य था। लेकिन शाम करीब चार बजे अचानक कमरे से दोनों के आपस में झगड़ने और चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं। कुछ ही देर में कमरे के भीतर सन्नाटा पसर गया। अनहोनी की आशंका होने पर जब होटल कर्मी ने दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।

पुलिस की मौजूदगी में टूटा दरवाजा, फर्श पर पड़ी मिलीं लाशें

सूचना मिलते ही कलक्टरगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का लॉक तोड़ा गया, तो अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था। फर्श पर दिग्विजय और शिवांगी अचेत अवस्था में पड़े हुए थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पास ही सल्फास के पाउच बिखरे पड़े थे।

पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दोनों को तुरंत पास के अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को ब्रॉट डेड (मृत) घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

सफर के दौरान हुई थी पहली मुलाकात, दो बच्चों की मां थी प्रेमिका

होटल के रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबरों के आधार पर जब पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दोनों के ही परिवारों ने इस प्रेम प्रसंग के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया है।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे शिवांगी के पिता राजेंद्र शुक्ला (निवासी पुरवा, उन्नाव) ने रोते हुए बताया कि उन्होंने 15 साल पहले अपनी बेटी की शादी उन्नाव के ही धीरू तिवारी से की थी। शिवांगी के दो बच्चे (13 साल का बेटा और 9 साल की बेटी) हैं। शनिवार सुबह 11 बजे वह अपनी सहेली की मां को अस्पताल में देखने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह कानपुर कैसे पहुंच गई, इस बारे में उन्हें कुछ नहीं पता।

वहीं, मृतक दिग्विजय के पिता वीरबहादुर सिंह (निवासी रमुआ, फतेहपुर) ने बताया कि उनका बेटा भी शादीशुदा था और प्रयागराज में रेलवे में संविदा पर कोच अटेंडेंट के पद पर तैनात था। पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद दोस्तों के बीच चर्चा थी कि कुछ समय पहले ट्रेन में सफर के दौरान ही शिवांगी और दिग्विजय की मुलाकात हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

दुनिया की पाबंदियों के आगे हारी मोहब्बत, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का शक

समाज और कानून की नजर में दोनों का यह रिश्ता अवैध था, क्योंकि दोनों ही शादीशुदा थे और उनके अपने हंसते-खेलते परिवार थे। माना जा रहा है कि जब सामाजिक पहरे और बदनामी का डर हावी हुआ, तो दोनों ने एक साथ मौत को गले लगाने का यह आत्मघाती फैसला कर लिया। इस घटना ने एक बार फिर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर (Extra Marital Affair) के घातक परिणामों को सामने ला दिया है, जिससे दो हंसते-खेलते परिवार पूरी तरह तबाह हो गए।

अधिकारियों का बयान “प्रारंभिक जांच और मौके के हालात को देखकर मामला सल्फास खाने से आत्महत्या का लग रहा है। दोनों मृतक पहले से शादीशुदा थे। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया यह मामला एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और उसमें मिली हताशा से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।” – सत्यजीत गुप्ता, डीसीपी (पूर्वी), कानपुर

 

Check Also

तीसरे विश्व युद्ध की आहट? मिडल ईस्ट में महाविनाशक जंग शुरू, अमेरिका ने 3 रातों में दागीं मिसाइलें तो ईरान ने ब्लॉक किया दुनिया का लाइफलाइन रूट

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट (Middle East Crisis) सुलग उठा है और एक बार फिर दुनिया …