
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित घाटमपुर रेलवे स्टेशन के पास से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ ट्रेन के आगे कूदकर सामूहिक आत्मदाह कर लिया। मंगलवार देर रात हुई इस घटना का खौफनाक मंजर तब सामने आया जब दोनों के बेजान शव रेलवे ट्रैक पर एक-दूसरे से कसकर लिपटे हुए मिले। महिला अपनी दो मासूम बेटियों और पति को छोड़कर पिछले एक साल से प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। गुरुवार को जब मृतक प्रेमी के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तो उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया और लड़की के परिवार पर हत्या (मर्डर) कर शव ट्रैक पर फेंकने का संगीन आरोप लगाया है।
पानीपत में शुरू हुई थी प्यार की दास्तान, पति को छोड़ प्रेमी संग भागी ज्योति
रेऊना थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी रोहित कुमार पेशे से किसान हैं। उनका सबसे छोटा बेटा सुमित उर्फ उदय प्रकाश (26) गांव में रहकर मजदूरी करता था। करीब एक साल पहले सुमित काम के सिलसिले में हरियाणा के पानीपत गया था। वहां उसकी मुलाकात बारा दौलतपुर के रहने वाले ‘छोटे’ नाम के युवक से हुई। इसी दौरान सुमित और छोटे की पत्नी ज्योति के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। प्यार का खुमार ऐसा चढ़ा कि ज्योति अपनी दो बेटियों और पति को छोड़कर सुमित के साथ उसके गांव आ गई।
पिछले साल अगस्त में जब ज्योति का पति छोटे उसे लेने गौरा गांव आया, तो दोनों पक्षों में भारी हंगामा हुआ। मामला रेऊना थाने तक पहुंचा, लेकिन ज्योति ने पति के साथ जाने से साफ मना कर दिया। इसके बाद से सुमित और ज्योति बारा दौलतपुर इलाके में एक किराए का कमरा लेकर पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे।
चित्रकूट एक्सप्रेस गुजरने के बाद ट्रैक पर बिछी लाशें, मायके वालों ने मोड़ा मुंह
यह खौफनाक हादसा मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। घाटमपुर स्टेशन मास्टर सुधीर सक्सेना के मुताबिक, रात 8 बजे स्टेशन से चित्रकूट एक्सप्रेस गुजरी थी। ट्रेन गुजरने के कुछ ही देर बाद कानपुर-बांदा रेलवे लाइन पर दो शव पड़े होने की सूचना मिली। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गुरुवार को सुमित के परिजन तो पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए, लेकिन ज्योति के मायके या ससुराल पक्ष से कोई नहीं आया। सुमित के भाई ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि जब उन्होंने ज्योति के परिवार को फोन किया, तो उन्होंने उसकी शक्ल तक देखने से इनकार कर दिया और उल्टा शव गांव लाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
ससुराल वालों ने ज्योति को माना ‘बहू’, सुमित के नाम से भरा पंचनामा
एक तरफ जहां ज्योति के अपने खून के रिश्तों ने उससे मुंह मोड़ लिया, वहीं सुमित के परिवार ने दरियादिली दिखाई। कागजी कार्रवाई में देरी होते देख सुमित के परिजनों ने ज्योति को अपनी बहू स्वीकार कर लिया। उन्होंने पुलिस के पंचनामे में ज्योति के पति के कॉलम में सुमित का नाम दर्ज कराया। मृतक के पिता रोहित कुमार ने भावुक होते हुए कहा कि वे अपने बेटे सुमित के साथ ही ज्योति का अंतिम संस्कार भी पूरे हिंदू रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ बहू की तरह करेंगे।
हालांकि, सुमित की मां राजलक्ष्मी ने यह भी बताया कि मोहर्रम के दिन ज्योति घर आई थी और जबरन बक्से का ताला तोड़कर चांदी की तोड़े (पायल) और 8 हजार रुपये ले गई थी। विरोध करने पर उसने सास को धक्का भी दिया था। पिता ने कहा कि अगर वह मांग कर ले जाती, तो भी हम खुशी-खुशी दे देते।
भाई का सनसनीखेज आरोप: बाजार में मिली थी धमकी, काटकर फेंका गया शव
इस पूरे मामले में तब नया मोड़ आ गया जब मृतक सुमित के भाई ब्रह्मप्रकाश ने इसे सुसाइड मानने से इनकार करते हुए ऑनर किलिंग या मर्डर की आशंका जताई। भाई का आरोप है कि मोहर्रम के दिन ज्योति के बहनोई ने गांव के एक युवक के साथ मिलकर उनके घर पर आकर धमकी दी थी। इतना ही नहीं, घटना वाले दिन यानी मंगलवार की दोपहर को भी इन लोगों ने बाजार में सुमित को घेरकर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
परिजनों का सीधा आरोप है कि ज्योति के बहनोई और उसके साथियों ने पहले दोनों की बेरहमी से हत्या की और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शवों को रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंक दिया। इससे पहले जब सुमित और ज्योति आठ दिनों के लिए अपनी ससुराल गए थे, तब भी ज्योति के बहनोई ने सुमित के साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी।
क्या कहती है पुलिस? डीसीपी साउथ का आधिकारिक बयान
इस संवेदनशील मामले पर कानपुर के डीसीपी साउथ (DCP South) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया:
“मंगलवार देर रात एक प्रेमी युगल द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या किए जाने की प्राथमिक सूचना मिली थी। जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए जा रहे हत्या के आरोपों के संबंध में अभी तक कोई लिखित तहरीर (शिकायत) नहीं मिली है। पुलिस शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सटीक कारण सामने आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
voice of india