Wednesday , 8 July 2026

प्यार, परिवार से बगावत और….मामी-भांजे के ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ का खौफनाक अंत! एक ही दिन रेलवे ट्रैक पर मिली मामी की लाश, बंद कमरे में भांजे ने तोड़ा दम

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और प्रेम संबंधों की कड़वी हकीकत पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक 33 वर्षीय शादीशुदा महिला और उसके रिश्ते में लगने वाले 32 वर्षीय भांजे के बीच पनपे कथित प्रेम प्रसंग का अंत दो संदिग्ध मौतों के साथ हुआ। महिला का शव जहां रेलवे ट्रैक के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला, वहीं उसका भांजा बशीरहाट इलाके में एक किराए के मकान के अंदर मृत पाया गया। एक ही दिन में दोनों प्रेमियों की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

14 साल पुरानी शादी तोड़ भांजे के साथ रचाया था आशियाना

पुलिस और मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका रुनू मंडल की शादी करीब 14 साल पहले बनगांव इलाके में हुई थी। शादीशुदा जिंदगी के बीच रुनू का अपने मायके आना-जाना लगातार बना रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात रिश्ते के भांजे देबाशीष मंडल से हुई। देखते ही देखते दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह सामान्य रिश्ता कथित तौर पर एक गहरे प्रेम संबंध में बदल गया। जब इस अवैध रिश्ते की भनक परिवार वालों को लगी, तो घर में भारी विवाद शुरू हो गया। पारिवारिक बंदिशों और सामाजिक लोक-लाज से बचने के लिए दोनों ने अपने परिवारों से पूरी तरह दूरी बना ली और बशीरहाट में एक किराए का कमरा लेकर पिछले कुछ महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।

कुछ ही घंटों के फासले पर मिलीं दो लाशें, फैली सनसनी

इस कथित प्रेम कहानी में खौफनाक मोड़ उस दिन आया जब बशीरहाट रेलवे स्टेशन के पास रेल की पटरियों पर रुनू मंडल का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस अभी रेलवे ट्रैक पर हुई इस मौत की गुत्थी सुलझा ही रही थी कि तभी उन्हें बशीरहाट के उसी किराए के मकान से एक और चौंकाने वाली सूचना मिली, जहां दोनों साथ रहते थे। मकान मालिक और पड़ोसियों ने बताया कि युवक देबाशीष काफी समय से कमरे के अंदर अचेत पड़ा है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा अंदर से पूरी तरह लॉक था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर जब भीतर प्रवेश किया, तो वहां देबाशीष मंडल की लाश पड़ी थी।

‘मैंने देबाशीष को मार डाला है…’, परिजनों का रोंगटे खड़े करने वाला दावा

इस दोहरे मौत मामले में देबाशीष के परिवार ने रुनू मंडल पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि देबाशीष इस अनैतिक रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा था। उसने हाल ही में अपने पिता को फोन कर इस दलदल से बाहर निकलने और वापस अपने असली घर लौटने की तड़प जाहिर की थी। मृतक के पिता का आरोप है कि घटना वाले दिन रुनू मंडल ने उन्हें फोन किया था और फोन पर चिल्लाते हुए कहा था कि—”मैंने देबाशीष को मार डाला है और अब मैं खुद भी जान देने जा रही हूं।” हालांकि, पुलिस प्रशासन ने परिजनों के इस कॉल वाले दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमार्टम और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है पुलिस

बशीरहाट थाना पुलिस दोनों मौतों को बेहद संदिग्ध मानते हुए हर मुमकिन एंगल से तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला ऑनर किलिंग, सुसाइड या फिर मर्डर एंड सुसाइड (हत्या के बाद आत्महत्या) का हो सकता है। असल सच्चाई का पता लगाने के लिए दोनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही दोनों के मोबाइल फोन को जब्त कर उनकी कॉल डिटेल्स (CDR) और आखिरी लोकेशन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि इस दर्दनाक अंत के पीछे छिपे असली सच को सामने लाया जा सके।

Check Also

‘अब तुम्हें विदा करना होगा..’ बहन अंशुला की शादी पर भावुक हुए अर्जुन कपूर, मंडप में मां की तस्वीर देख रो पड़े फैंस

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर अपनी लाडली बहन अंशुला कपूर की शादी के बाद बेहद भावुक …