
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक ऐसा अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहां दून आईटी पार्क इलाके में रहने वाली एक महिला के घर से करीब एक साल पहले लाखों रुपये के सोने और हीरे के जेवरात चोरी हो गए थे। शातिर नौकरानी ने उस वक्त ऐसा नाटक किया कि मालकिन को उस पर शक ही नहीं हुआ। लेकिन कहते हैं न कि चोर चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कोई न कोई गलती कर ही बैठता है। इस मामले में भी ऐसा ही हुआ। सोशल मीडिया के शौक ने नौकरानी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मालकिन ने जब नौकरानी के इंस्टाग्राम रील (Instagram Reel) और व्हाट्सएप स्टेटस को देखा, तो उनके होश उड़ गए। नौकरानी उन्हीं के चोरी हुए कीमती गहने पहनकर वीडियो बना रही थी।
एक साल पहले हुई थी वारदात, नौकरानी ने चला था शातिर दांव
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, नितिशा वत्स (निवासी सिक्का किमाया ग्रीन, दून आईटी पार्क) ने बताया कि करीब एक साल पहले जब वह जाखन के दून रिपब्लिक अपार्टमेंट में रहती थीं, तब उनके घर से दो हीरे की अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक हीरा जड़ित पेंडेंट गायब हो गए थे। उस समय उन्हें अपनी घरेलू सहायिका (नौकरानी) विमला देवी पर शक हुआ था। लेकिन जब उन्होंने विमला से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने बड़े ही मासूम चेहरे के साथ चोरी की बात से साफ इनकार कर दिया। शातिर नौकरानी यहीं नहीं रुकी, उसने मालकिन का विश्वास जीतने के लिए खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही और नितिशा के साथ पुलिस चौकी भी गई। उसके इस बर्ताव को देख मालकिन को लगा कि विमला बेकसूर है और वह किसी और चोर की तलाश करने लगीं।
व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील ने खोल दी पोल
वक्त बीतता गया और चोरी की गुत्थी अनसुलझी ही रही। लेकिन 29 जून की सुबह इस पूरे मामले में एक बड़ा ट्विस्ट आया। शिकायतकर्ता नितिशा ने जब अचानक अपनी नौकरानी विमला देवी का व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील चेक की, तो वह हैरान रह गईं। रील में विमला देवी उन्हीं गहनों को पहनकर पोज दे रही थी, जो एक साल पहले चोरी हुए थे। चोरी के जेवरात की पहचान होते ही नितिशा का सारा शक यकीन में बदल गया। उन्होंने तुरंत जाखन पुलिस चौकी में इसकी लिखित शिकायत दी। शुरुआती देरी के बाद राजपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसएसपी के निर्देश पर एक्शन, 10 लाख के जेवरात के साथ आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता और सोशल मीडिया के पुख्ता सबूतों को देखते हुए देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने तुरंत एक पुलिस टीम का गठन किया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी महिला विमला देवी को धर दबोचा। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो विमला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया एक हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। बरामद किए गए इन सभी आभूषणों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
लॉकर देखकर डोला था ईमान, हीरे होने के कारण बेच नहीं पाई
पूछताछ के दौरान आरोपी विमला (मूल निवासी लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी बापू नगर, जाखन) ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर में साफ-सफाई और झाड़ू-पोछा का काम करती थी। इस दौरान उसने कई बार घर के लॉकर में रखे महंगे हीरे और सोने के आभूषण देखे थे, जिसे देखकर उसका ईमान डोल गया और उसने मौका पाकर जेवरात पार कर दिए। महिला ने यह भी कुबूल किया कि उसने कई बार इन गहनों को बाजार में बेचने की कोशिश की थी, लेकिन जेवरात बेहद महंगे और हीरे के होने के कारण कोई भी सुनार उन्हें बिना पक्के बिल के खरीदने को तैयार नहीं हुआ। विमला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं इस केस का शानदार खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
voice of india