लखनऊ। राजधानी के कृष्णा नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के आजाद नगर इलाके में एक बंद कमरे से 60 वर्षीय बुजुर्ग का तीन दिन पुराना शव बरामद हुआ है। भीषण गर्मी के कारण शव पूरी तरह से सड़ चुका था, जिससे पूरे इलाके में भयंकर दुर्गंध फैल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अकेले कमरे में रहकर मजदूरी करता था बुजुर्ग
कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक, 60 वर्षीय जमीर पिछले करीब एक साल से आजाद नगर में हबीब नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर अकेले रह रहे थे। जमीर मूल रूप से ट्रांसपोर्ट नगर में मजदूरी का काम करके अपना गुजर-बसर करते थे, जबकि उनके मकान मालिक सरदारी खेड़ा इलाके में रहते हैं। बताया जा रहा है कि जमीर कमरे में बिल्कुल अकेले ही रहते थे और पिछले कुछ दिनों से उन्हें बाहर नहीं देखा गया था।
बदबू फैली तो पड़ोसियों के फूले हाथ-पांव
भीषण गर्मी के बीच जब जमीर के बंद कमरे से अचानक तेज और असहनीय दुर्गंध आने लगी, तो आसपास के रहने वाले लोगों को किसी अनहोनी का शक हुआ। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा खटखटाया और कोई हलचल नहीं हुई, तो दरवाजा तोड़ना पड़ा। अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था; बुजुर्ग जमीर का शव बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था और गर्मी की वजह से वह पूरी तरह विकृत हो चुका था। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया देखने से लग रहा है कि मौत करीब तीन दिन पहले हो चुकी थी।
पत्नी से हो चुका था तलाक, बेच चुके थे अपना मकान
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे। मृतक जमीर के भतीजे तफ़िल ने बताया कि उसके चाचा पहले आजाद नगर के ही निवासी थे, लेकिन उन्होंने अपने हिस्से का मकान बेच दिया था और तब से किराए पर रह रहे थे। जमीर का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था और उनकी पत्नी अपने बच्चों के साथ बाराबंकी में रहती है। इस अकेलेपन के कारण ही मौत के तीन दिन बाद तक किसी को भनक भी नहीं लग सकी। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सटीक कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
voice of india
