Saturday , 13 June 2026

यूपी पुलिस का सिपाही ही निकला लुटेरा! लखनऊ में निवेश के नाम पर अपहरण और 5 लाख की लूट, ऐसे हुआ पर्दाफाश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने खाकी को एक बार फिर दागदार कर दिया है। लखनऊ पुलिस ने एक ऐसे शातिर संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो लोगों को व्यापार में मोटा मुनाफा कमाने और निवेश करने का झांसा देकर लूटता था। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि यूपी पुलिस का ही एक कांस्टेबल है। पुलिस ने सिपाही समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस काले धंधे में शामिल एक सीआरपीएफ (CRPF) का इंस्पेक्टर अभी भी फरार है।

मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर बुलाते थे आरोपी

डीसीपी दीक्षा शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस पूरे खेल की शुरुआत 11 जून को हुई, जब चिनहट थाने में एक पीड़ित ने एफआईआर दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसे, उसके भाई और दोस्त को एक बिजनेस स्कीम में पैसे लगाकर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया था। जब वे लोग आरोपियों के बताए पते पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें जबरन एक गाड़ी में बिठा लिया और उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने डरा-धमकाकर उनसे 5 लाख रुपये की मोटी रकम लूट ली और फरार हो गए।

फर्जी पुलिसवाले बनकर करते थे कांड, जाल बिछाकर दबोचे गए

पुलिस की तफ्तीश में जो सच सामने आया, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। डीसीपी ने बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। ये पहले मासूम लोगों को अपनी फर्जी कंपनी में निवेश के नाम पर फंसाते थे। जब पीड़ित निवेश की स्कीम समझने और पैसा लगाने के लिए इनके पास आते, तो गिरोह के कुछ सदस्य अचानक फर्जी पुलिसवाले बनकर वहां धमक जाते थे। इसके बाद पुलिस का रौब दिखाकर और कानूनी कार्रवाई का डर पैदा कर वे पीड़ितों से सारा पैसा लूट लेते थे। पुलिस ने मुखबिरों और सर्विलांस की मदद से इस गिरोह पर शिकंजा कसा।

यूपी पुलिस का कांस्टेबल गिरफ्तार, CRPF इंस्पेक्टर की तलाश तेज

पुलिस ने इस मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए चार शातिर आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जावेद हुसैन, प्रवेश त्रिपाठी, आसिफ और पूरन सिंह के रूप में हुई है। इनमें से पूरन सिंह मूल रूप से राजस्थान का निवासी है और उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। वहीं, इस वारदात में शामिल सीआरपीएफ का इंस्पेक्टर जय प्रकाश अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के 1 लाख 25 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें भी बरामद कर लिया हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने लोगों को अपनी ठगी और लूट का शिकार बनाया है।

Check Also

बहराइच में सीबीआई का बड़ा एक्शन: किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर रिश्वत लेते बैंक मैनेजर और उसका गुर्गा रंगे हाथों गिरफ्तार

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आ …