
नई दिल्ली/मुंबई। देश की राजधानी को दहलाने की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस (ATS) ने एक बेहद सनसनीखेज और बड़े ज्वाइंट ऑपरेशन में मुंबई अंडरवर्ल्ड और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के उस ‘सांप’ को दबोच लिया है, जो भारत में तबाही मचाने की फिराक में था। सुरक्षा एजेंसियों ने मुंबई से मोस्ट वांटेड और लंबे समय से फरार चल रहे आतंकी हुफैजा को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। हुफैजा कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की ‘डी-कंपनी’ (D-Company) का बेहद करीबी और पाकिस्तान में छिपे बैठे कुख्यात गैंगस्टर मुन्ना झिंगाड़ा का सबसे भरोसेमंद राइट हैंड माना जाता है।
3 दिनों तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी, आखिरकार जाल में फंसा हुफैजा
इस खूंखार आतंकी को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस की टीमों ने पिछले तीन दिनों से मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में डेरा डाल रखा था। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार बैक-टू-बैक छापेमारी की जा रही थी। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिले सटीक इनपुट के बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने घेराबंदी की और आखिरकार हुफैजा को धर दबोचा। सूत्रों की मानें तो हुफैजा लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था और खुफिया एजेंसियां लगातार उसके डिजिटल फुटप्रिंट्स को ट्रैक कर रही थीं। उसकी इस गिरफ्तारी से आईएसआई और अंडरवर्ल्ड के खतरनाक नेटवर्क की रीढ़ टूट गई है।
पाकिस्तान से मिल रहा था देश को अस्थिर करने का ‘स्पेशल टास्क’
सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर यह मॉड्यूल तब आया जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हाल ही में एक बड़े आतंकी-अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए 6 आतंकियों को सलाखों के पीछे भेजा था। इस जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए। दरअसल, इस पूरे नेटवर्क के तार सीधे पाकिस्तान से जुड़े थे, जहां से चार बड़े हैंडलर इस मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहे थे। इन्हीं हैंडलर्स में से एक नाम मुन्ना झिंगाड़ा का भी है, जो इस वक्त कराची में बैठकर भारत के खिलाफ जहर उगल रहा है। मुन्ना झिंगाड़ा ने सीधे हुफैजा को भारत में बड़े पैमाने पर आतंकी वारदातों को अंजाम देने और देश के अमन-चैन को पूरी तरह से अस्थिर करने का बड़ा टास्क सौंपा था। हुफैजा और झिंगाड़ा के बीच सैटेलाइट और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए लगातार बातचीत हो रही थी।
बुधवार को कोर्ट में पेशी, दिल्ली लाकर उगलवाए जाएंगे कई बड़े राज
मुंबई से दबोचे गए हुफैजा से फिलहाल महाराष्ट्र एटीएस और दिल्ली स्पेशल सेल के आला अधिकारी बेहद गुप्त जगह पर पूछताछ कर रहे हैं। इस गिरफ्तारी को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की एक ऐतिहासिक कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल बुधवार को आरोपी हुफैजा को स्थानीय अदालत में पेश करेगी, जहां से उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर दिल्ली लाया जाएगा।
अंडरवर्ल्ड के फंडिंग रूट और स्लीपर सेल का होगा पर्दाफाश
हुफैजा की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। मुन्ना झिंगाड़ा के भारत में सक्रिय अन्य स्लीपर सेल्स, पाकिस्तान से आने वाली टेरर फंडिंग के रूट और आने वाले दिनों में त्योहारों या भीड़भाड़ वाले इलाकों में होने वाली आतंकी प्लानिंग को लेकर हुफैजा से कड़ी पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई से आईएसआई के उस खतरनाक मंसूबे पर पानी फिर गया है, जिसके जरिए वो अंडरवर्ल्ड के पुराने चेहरों का इस्तेमाल कर भारत में दोबारा 90 के दशक जैसा खौफ पैदा करना चाहता था।
voice of india