
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई (CBI) के शिकंजे में आए आरोपियों की पहली रात भोपाल सेंट्रल जेल की सलाखों के पीछे गुजरी। कभी इंसाफ की कुर्सी पर बैठकर फैसला सुनाने वाली रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह अब कानून के आगे बेबस नजर आईं। जेल प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों ही हाई-प्रोफाइल कैदियों को नंबर अलॉट कर दिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है।
रिटायर्ड जज को मिला कैदी नंबर 71, महिला बैरक में बढ़ी निगरानी
ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी बनाई गईं उनकी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह का रसूख अब जेल के नियमों के आगे धराशायी हो गया है। जेल मैन्युअल के तहत उन्हें कैदी नंबर 71 (Prisoner Number 71) आवंटित किया गया है। चूंकि गिरिबाला सिंह खुद एक रिटायर्ड जज रही हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें जेल की महिला बैरक में बेहद कड़ी और विशेष निगरानी के बीच रखा गया है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी उनके बैरक पर नजर रखी जा रही है।
पति समर्थ सिंह को मिला नंबर 1782, जेल अस्पताल के बी-खंड में शिफ्ट
वहीं दूसरी तरफ, ट्विशा शर्मा के पति और मामले के दूसरे मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को जेल प्रशासन ने कैदी नंबर 1782 दिया है। जेल में दाखिल होने के बाद समर्थ की सुरक्षा और स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए उसे सामान्य बैरक के बजाय जेल के बी-खंड स्थित अस्पताल बैरक में निगरानी के तहत रखा गया है। जेल के डॉक्टर लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
कोर्ट से नहीं मिली राहत, 16 जून तक सलाखों के पीछे कटेगी रातें
आपको बता दें कि ट्विशा शर्मा मौत मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने दोनों आरोपियों को रिमांड अवधि खत्म होने के बाद सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया था। अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने आरोपियों को कोई राहत नहीं दी और सीधे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में भेजने का फरमान सुना दिया। अदालत के इसी कड़े निर्देश के बाद दोनों आरोपियों को आगामी 16 जून तक भोपाल सेंट्रल जेल में ही वक्त गुजारना होगा।
सीबीआई की इस कार्रवाई से केस में आया बड़ा मोड़
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का यह मामला लगातार मीडिया और गलियारों में सुर्खियों में बना हुआ है। एक रिटायर्ड जज और उनके बेटे की गिरफ्तारी के बाद से ही इस केस को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज थीं। अब सीबीआई द्वारा इन दोनों को सलाखों के पीछे पहुंचाए जाने को इस पूरे मर्डर मिस्ट्री या आत्महत्या के मामले में एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है। आने वाले दिनों में सीबीआई कुछ और बड़े खुलासे कर सकती है।
voice of india