
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से सुबह-सुबह एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक रिहायशी इलाके में जोरदार ब्लास्ट हुआ है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी चपेट में आकर एक पूरा मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
सुबह 9:37 बजे हुआ जोरदार धमाका, दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर
दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर कंट्रोल रूम को मुकुंदपुर इलाके में एक संदिग्ध ब्लास्ट और उसके बाद मकान गिरने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों को मौके के लिए रवाना कर दिया। आपातकालीन टीमें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गईं।
गैस सिलेंडर फटने से हुआ हादसा, मलबे को हटाने का काम जारी
शुरुआती जांच और छानबीन के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने साफ किया है कि यह दिल दहला देने वाला हादसा एलपीजी (LPG) घरेलू गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है। सिलेंडर में ब्लास्ट इतना पावरफुल था कि उसकी वेव से पूरी एक मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई। फिलहाल मौके पर भारी भीड़ जमा है और मलबे को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि अगर मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति दबा हो, तो उसे सुरक्षित और जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।
हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल, मची चीख-पुकार
दिल्ली पुलिस से मिली ताजा जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। सिलेंडर फटने और मकान गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी। घायलों को तुरंत मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों की मौजूदा हालत के बारे में अभी सटीक रूप से कुछ भी नहीं कहा जा सकता। डॉक्टरों द्वारा उनकी पूरी मेडिकल जांच किए जाने के बाद ही उनकी स्थिति साफ हो पाएगी। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
voice of india