Sunday , 10 May 2026

भोपाल: MBBS छात्रा सुसाइड केस में सनसनीखेज मोड़, अब मकान मालिक ने दी जान; सुसाइड नोट से लेकर प्रताड़ना के आरोपों तक पूरी कहानी

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का बहुचर्चित एमबीबीएस छात्रा रोशनी सुसाइड केस अब एक और दुखद मोड़ पर आ खड़ा हुआ है। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में छात्रा की मौत के बाद जिन मकान मालिक पर आरोपों की सुइयां टिकी थीं, उन्होंने भी मौत को गले लगा लिया है। मकान मालिक विजय राठौर की आत्महत्या ने इस पूरे मामले को और भी पेचीदा और संवेदनशील बना दिया है। पुलिस अब एक साथ दो सुसाइड केसों की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।

तनाव में थे मकान मालिक विजय राठौर

मिली जानकारी के अनुसार, विजय राठौर पिछले कई दिनों से गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। उनकी पत्नी का दावा है कि रोशनी की मौत के बाद से ही छात्रा के परिजन उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित और अपमानित कर रहे थे। इसी सामाजिक बदनामी और मानसिक दबाव के चलते विजय ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

फ्लैशबैक: क्या था रोशनी सुसाइड मामला?

बता दें कि 9 और 10 फरवरी की दरमियानी रात को एमबीबीएस छात्रा रोशनी ने अपने कमरे में खुदकुशी कर ली थी। शुरुआत में इसे एक संदिग्ध मामला माना जा रहा था, लेकिन 17 फरवरी को पुलिस को छात्रा के मोबाइल से एक इमोशनल सुसाइड नोट मिला। नोट में रोशनी ने अपनी पढ़ाई के दबाव का जिक्र करते हुए लिखा था— “सॉरी मम्मी-पापा, नीट (NEET) निकालना तो आसान है, लेकिन एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई करना बहुत कठिन है।”  SIT जांच और परिजनों का हंगामा

रोशनी की मौत के बाद मामला काफी गरमा गया था। मेडिकल छात्रों और छात्रा के परिजनों ने कोहेफिजा थाने का घेराव कर रातभर धरना दिया था। परिजनों ने मकान मालिक विजय राठौर पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया था। लगातार चल रही पूछताछ और आरोपों के बीच विजय राठौर खुद को घिरा हुआ महसूस कर रहे थे।

अब आगे क्या? पुलिस ने शुरू की जांच

विजय राठौर की मौत के बाद कोहेफिजा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब उन दावों की जांच कर रही है जिनमें रोशनी के परिजनों द्वारा मकान मालिक को प्रताड़ित करने की बात कही गई है। एक तरफ जहां छात्रा की मौत का कारण ‘एकेडमिक प्रेशर’ नजर आ रहा था, वहीं मकान मालिक की आत्महत्या ने अब ‘सुसाइड एबेटमेंट’ (आत्महत्या के लिए उकसाना) के एंगल को भी हवा दे दी है।

Check Also

झांसी में सनसनी: लोकगीत गायिका की नृशंस हत्या, शव को जलाकर नदी किनारे फेंका; इलाके में भारी तनाव

झांसी (बंगरा): बुंदेलखंड के झांसी जनपद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई …