देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहड़ा पुरवां मोहल्ले में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला और उसके 8 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वहीं, महिला के छोटे बेटे की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जो जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। इस घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
खौफनाक मंजर: बेड पर बेसुध पड़े मिले मां और दो मासूम बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, खोराराम के बसडिला निवासी निराला विश्वकर्मा मेहड़ा पुरवा में अपना मकान बनाकर पत्नी अंजली (30) और दो बेटों कृष्णा (8) व नागेंद्र उर्फ कान्हा (7) के साथ रहते थे। उनके दोनों बच्चे मूक-बधिर थे। मंगलवार शाम जब निराला का भाई आकाश किसी काम से उनके घर पहुंचा, तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। बार-बार आवाज देने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो वह कमरे में दाखिल हुआ। वहां अंजली और उसके दोनों मासूम बेटे बेड पर बेसुध पड़े थे। आनन-फानन में सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंजली और बड़े बेटे कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। छोटे बेटे कान्हा का इलाज फिलहाल पीआईसीयू में चल रहा है।
मायके जाने की जिद और दो दिन का विवाद
पुलिस सूत्रों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस दुखद घटना के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले अंजली का अपने पति निराला से मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। अंजली तुरंत मायके जाना चाहती थी, जबकि निराला उसे कुछ दिन रुकने के लिए कह रहा था। इसी बात से नाराज होकर अंजली ने दो दिनों से खाना भी नहीं खाया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी डिप्रेशन या गुस्से में आकर महिला ने खुद जहर खाया और अपने दोनों बच्चों को भी खिला दिया।
भाई का गंभीर आरोप: ‘पति ने ही जहर देकर मारा’
जहां एक तरफ खुदकुशी का एंगल सामने आ रहा है, वहीं मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। भाई का कहना है कि निराला उसकी बहन को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी, लेकिन निराला के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। भाई का आरोप है कि निराला ने ही साजिश के तहत उसकी बहन और भांजों को जहर खिलाकर उनकी हत्या की है।
पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिजीत आर शंकर, एएसपी आनंद कुमार पाण्डेय और सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने खुद मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति से विवाद के कारण महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात लग रही है, लेकिन हत्या के आरोपों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।
voice of india
