
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। शहर के कुख्यात गैंगस्टर आकाश उर्फ ‘भूरा हड्डी’ की गिरफ्तारी के बाद उसकी होने वाली दुल्हन सीमा, रस्मों के बीच में ही सीधे थाने पहुंच गई। हाथों और चेहरे पर हल्दी लगी और गले में वरमाला डाले दुल्हन को देख थाने में मौजूद हर शख्स दंग रह गया। वह पुलिस के सामने मिन्नतें करने लगी कि उसके होने वाले पति को शादी की रस्मों के लिए चंद घंटों की मोहलत दे दी जाए।
थाने को ही बना लिया मंडप, बोली- ‘यहीं कस्टडी में करवा दो फेरे’
शादी की खुशियों के बीच जब सीमा को पता चला कि पुलिस ने उसके होने वाले पति आकाश को दबोच लिया है, तो वह सुध-बुध खो बैठी। उसने भावुक होकर पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई, “मेरे होने वाले पति को सिर्फ दो घंटे के लिए रिहा कर दीजिए ताकि हमारी शादी की रस्में पूरी हो सकें। अगर आप उसे बाहर नहीं भेज सकते, तो मुझे इजाजत दें कि मैं थाने के अंदर ही कस्टडी में उसके साथ फेरे ले सकूं।” दुल्हन का यह हाई वोल्टेज ड्रामा और इमोशनल अपील सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रही है।
‘मेरी क्या गलती है? घर पर आए हैं मेहमान और चल रही थी हल्दी’
सीमा ने पुलिस के सामने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उसे आकाश के आपराधिक इतिहास या उसके काले कारनामों के बारे में रत्ती भर भी जानकारी नहीं थी। उसने रोते हुए कहा, “मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी, इसमें मेरा क्या कुसूर है? घर पर मेहमान जुटे हैं, हल्दी की रस्म चल रही थी और तभी यह खबर मिली।” हालांकि, पुलिस ने कानून का हवाला देते हुए दुल्हन की इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया और आरोपी को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया।
हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मास्टरमाइंड है ‘भूरा हड्डी’
पुलिस की फाइल में आकाश उर्फ ‘भूरा हड्डी’ कोई साधारण अपराधी नहीं है। उसे एक शातिर हनी ट्रैप गैंग का मुख्य सरगना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, यह गैंग भोली-भाली शक्ल बनाकर रईस युवकों को अपने जाल में फंसाता था और फिर अश्लील वीडियो या अन्य तरीकों से उन्हें ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलता था। इसी गैंग से जुड़े गंभीर मामलों में पुलिस को आकाश की तलाश थी और आखिरकार उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।
कोर्ट से भी नहीं मिली राहत, अब जेल में ही कटेगी रात
थाने से मायूस होकर दुल्हन के वकील ने आनन-फानन में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत में दलील दी गई कि मानवीय आधार पर शादी की रस्में पूरी करने के लिए आरोपी को कुछ समय की पैरोल या अनुमति दी जाए। लेकिन कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए फिलहाल कोई राहत देने से मना कर दिया है। फिलहाल ‘भूरा हड्डी’ न्यायिक हिरासत में है और उसकी दुल्हन की हल्दी अब आंसुओं में बदल चुकी है।
voice of india