
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के गजनेर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल की नाबालिग किशोरी के साथ गांव के ही दो दबंग युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने की सनसनीखेज वारदात उजागर हुई है। इस घिनौने कृत्य का खुलासा तब हुआ जब किशोरी के पेट में अचानक तेज दर्द उठा और जांच कराने पर वह आठ माह की गर्भवती पाई गई। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
पेट दर्द होने पर अस्पताल ले गई मां, जांच रिपोर्ट देख उड़े होश पीड़िता की मां के अनुसार, किशोरी को पिछले कुछ समय से पेट दर्द की शिकायत हो रही थी। जब दर्द असहनीय हो गया तो वह बेटी को लेकर डॉक्टर के पास पहुंची। डॉक्टर की सलाह पर जब किशोरी का अल्ट्रासाउंड कराया गया, तो रिपोर्ट देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। रिपोर्ट में किशोरी के आठ माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। घर लौटकर जब मां ने रोती-बिलखती बेटी से सख्ती और प्यार से पूछताछ की, तो उसने अपने साथ हुई पूरी दरिंदगी की दास्तां बयां कर दी।
मंदिर में प्रसाद बनाने के बहाने झोपड़ी में ले जाकर किया दुष्कर्म किशोरी की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति दिव्यांग हैं और वह खुद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती है। घटना वाले दिन वह काम के सिलसिले में बाहर गई हुई थी और बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर गांव के बाहर स्थित दुर्गा माता मंदिर में प्रसाद तैयार कराने के बहाने बुलाया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे मंदिर के पास बनी एक सुनसान झोपड़ी में ले गए और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
परिवार को खत्म करने की धमकी देकर बंद कराया मुंह वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने किशोरी को बेरहमी से धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वे उसके दिव्यांग पिता और पूरे परिवार को जान से मार डालेंगे। दबंगों की धमकी और डर के चलते मासूम बच्ची महीनों तक इस खौफनाक दर्द को सीने में दबाए बैठी रही और किसी से कुछ नहीं कहा।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश में दबिश जारी गजनेर थाना प्रभारी (एसओ) सनत कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india