
हमीरपुर। जिले के मुस्करा कस्बे में इंसानियत को तार-तार कर देने वाला दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। घर के बाहर खेल रही महज तीन साल की मासूम बच्ची को पड़ोसी युवक बहला-फुसलाकर खेत में ले गया, जहां उसने मासूम के साथ हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश फैल गया है।
खेलते समय मासूम को उठा ले गया पड़ोसी मुस्करा कस्बे की रहने वाली तीन साल की मासूम रविवार दोपहर अपने घर के बाहर बेफिक्र होकर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला 35 वर्षीय हीरा पुत्र रामप्रसाद वहां पहुंचा और बच्ची को बातों में उलझाकर अपने साथ ले गया। आरोपी बच्ची को गहरौली मार्ग स्थित नई बस्ती के पास अरहर के खेत में ले गया। आरोप है कि वहां उसने मासूम के साथ दरिंदगी की और पहचान उजागर होने के डर से बच्ची की ही पैजामी से गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में छिपाकर बड़ी चालाकी से घर लौट आया।
खोजबीन का नाटक करता रहा कातिल शाम करीब चार बजे जब काफी देर तक बच्ची का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने घबराकर उसकी तलाश शुरू की। हैरानी की बात यह रही कि बच्ची को मौत के घाट उतारने वाला आरोपी हीरा भी परिजनों के साथ मिलकर उसे ढूंढने का ढोंग करता रहा और लगातार लोगों को गुमराह करने की कोशिश में लगा रहा। काफी देर तक इधर-उधर भटकाने के कारण परिजनों को उसके हाव-भाव और गतिविधियों पर गहरा शक हुआ। परिजनों ने सख्ती से पूछताछ करते हुए उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में रात करीब आठ बजे गहरौली मार्ग के पास अरहर के खेत से मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसे देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस वाहन पर किया पथराव मासूम की नृशंस हत्या की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने और घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने शव को उठाने से साफ इनकार कर दिया। तनाव बढ़ता देख सीओ राठ राजीव कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने की कोशिश की। इसी बीच भीड़ का आक्रोश भड़क उठा और कुछ उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तीखा विरोध दर्ज कराया। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुबूत, कठोर कार्रवाई का आश्वासन घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने बारीकी से मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
“घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राथमिक पड़ताल में सामने आया है कि पड़ोस का युवक बच्ची को बहलाकर ले गया था, जिसके बाद उसका शव खेत से मिला। सभी पहलुओं की गहराई से तफ्तीश की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” — मृगांक शेखर पाठक, एसपी, हमीरपुर
voice of india