Wednesday , 21 October 2026

स्पेस में ही सोचेगा और समझेगा भारत का यह उपग्रह: देश का पहला AI सैटेलाइट लॉन्च, अब अंतरिक्ष से ही मिलेगी सटीक जानकारी

हैदराबाद ब्यूरो। भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान और रक्षा तकनीक के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक छलांग लगाई है। देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ऑर्बिटल कंप्यूटिंग सैटेलाइट अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है। इस उपग्रह की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह केवल तस्वीरें खींचकर धरती पर नहीं भेजेगा, बल्कि अंतरिक्ष में रहते हुए ही उनका सटीक विश्लेषण भी करेगा। इस क्रांतिकारी तकनीक के साथ ही भारत, अमेरिका, यूरोपीय यूनियन और चीन के बाद यह क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है।

हैदराबाद स्थित स्पेस-टेक कंपनी ‘टेकमीटूस्पेस’ द्वारा तैयार किए गए इस ‘एमओआई-1ए’ (MOI-1A) सैटेलाइट को स्पेसएक्स के ट्रांसपोर्टर-18 मिशन के जरिए रात 11:48 बजे अंतरिक्ष की कक्षा में रवाना किया गया। इसे भारत का पहला पूर्ण ऑर्बिटल कंप्यूटिंग सैटेलाइट माना जा रहा है, जो डेटा प्रोसेसिंग के पारंपरिक तरीकों को पूरी तरह बदल कर रख देगा।

स्पेस में ही छंट जाएगा काम का डेटा, समय और खर्च दोनों बचेंगे

अब तक अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले सामान्य सैटेलाइट्स की कार्यप्रणाली यह रही है कि वे विशाल मात्रा में डेटा जुटाकर पहले धरती पर बने बेस स्टेशनों को भेजते हैं। इसके बाद वैज्ञानिक और विशेषज्ञ यहां जमीन पर उस डेटा की जांच और विश्लेषण करते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में काफी वक्त और इंटरनेट बैंडविड्थ खर्च होती है। नए एआई सैटेलाइट के आने से यह झंझट खत्म हो जाएगी।

कंपनी के सीईओ रौनक कुमार सामंत राय के अनुसार, यदि सैटेलाइट ने 300 जीबी का कच्चा डेटा इकट्ठा किया है और उसमें से वास्तविक जरूरत केवल 5 जीबी की है, तो सैटेलाइट में मौजूद एआई सिस्टम तुरंत काम की जानकारी को पहचान लेगा। उपग्रह सिर्फ उसी 5 जीबी के जरूरी डेटा को धरती पर प्रोसेस करके भेजेगा। इससे डेटा ट्रांसफर में लगने वाला समय, ऊर्जा और भारी भरकम खर्च बेहद कम हो जाएगा।

सीमा सुरक्षा से लेकर बाढ़ और फसलों पर रखेगा पैनी नजर

इस एडवांस्ड तकनीक का सीधा फायदा राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिक सेवाओं को मिलेगा। सीमावर्ती इलाकों में किसी भी तरह की संदिग्ध हलचल की तत्काल पहचान कर यह सैटेलाइट सुरक्षा बलों को रियल-टाइम अलर्ट भेज सकेगा। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़ की स्थिति में यह पलक झपकते ही बता देगा कि पानी का फैलाव किस दिशा में और कितने बड़े इलाके में हुआ है, जिससे राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकेंगे।

कृषि क्षेत्र में फसलों की सेहत का जायजा लेने, घने जंगलों की निगरानी, अवैध खनन पर रोक लगाने और जमीनी सर्वेक्षण में भी यह तकनीक बेहद असरदार साबित होगी। जहां भी त्वरित फैसले लेने की जरूरत होगी, वहां यह एआई सैटेलाइट गेम-चेंजर साबित होगा।

2028 तक अंतरिक्ष में बनेगा भारत का विशाल डेटा सेंटर

टेकमीटूस्पेस ने भविष्य के लिए भी अपनी महत्वाकांक्षी योजनाएं साझा की हैं। कंपनी की तैयारी वर्ष 2028 तक अंतरिक्ष में ही एक विशाल डेटा सेंटर स्थापित करने की है। इस मिशन के तहत 100-100 किलोग्राम वजन वाले उच्च क्षमता के कई सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे।

इन आगामी उपग्रहों में अत्याधुनिक ग्राफिक्स प्रोसेसर (GPU) और लगभग 100 टेराबाइट तक की भारी स्टोरेज क्षमता मौजूद होगी। भविष्य में ऐसे कई उपग्रहों को आपस में इंटरलिंक करके अंतरिक्ष की कक्षा में ही एक मजबूत सुपरकंप्यूटिंग नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य है, जिससे डेटा प्रोसेसिंग जमीन पर निर्भर हुए बिना सीधे अंतरिक्ष में ही पूरी की जा सकेगी।

 

Check Also

रामपुर में ओवैसी के दांव के बाद अखिलेश यादव का बड़ा सियासी कदम, आजम खां से जेल में मुलाकात के मायने समझिए

ब्यूरो, रामपुर। रामपुर की सियासी बिसात पर इन दिनों मोहरे तेजी से बदले जा रहे …