Monday , 24 August 2026

सहारनपुर में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने की प्रेमिका की नृशंस हत्या, संबंध बनाने के बहाने जंगल ले जाकर सरिए से फोड़ा सिर; पति के साथ ढूंढने का करता रहा नाटक

सहारनपुर  : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में 14 अगस्त को जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद शुरू हुई तफ्तीश में चौंकाने वाला सच सामने आया है। मृतका की पहचान खेड़ा मवी खुर्द निवासी वाजिद की पत्नी इमराना के रूप में हुई। पुलिस ने इमराना के पड़ोसी और उसके कथित प्रेमी शमशाद जोगी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बीच पिछले 7-8 महीनों से प्रेम संबंध चल रहे थे।

बेटी की शादी के लिए पैसों की मांग बनी कत्ल की वजह एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि इमराना छुटमलपुर स्थित एक दवा कंपनी में नौकरी करती थी। पड़ोस में रहने वाला शमशाद अक्सर उसे बाइक से छोड़ने और लेने जाता था, जिसके चलते दोनों करीब आ गए। इमराना अपनी बेटी आफरीन की शादी की तैयारियों में जुटी थी और इसके लिए वह शमशाद से लगातार रुपयों की मांग कर रही थी। शमशाद पैसे देने से बच रहा था, जिससे दोनों में आए दिन तकरार होती थी। इसके अलावा इमराना के किसी अन्य व्यक्ति केसर उर्फ केशव से भी संबंधों के शक में शमशाद नाराज रहता था और उस पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहा था।

फोन घर छोड़ा, बाइक का हुलिया बदला और जंगल में दिया वारदात को अंजाम लगातार विवाद और पैसों की मांग से तंग आकर शमशाद ने इमराना को रास्ते से हटाने की पूरी साजिश रची। 13 अगस्त की शाम वह इमराना को कंपनी से लेने पहुंचा। पुलिस और सीसीटीवी की नजर से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया था और बाइक के हुलिए में भी बदलाव किया था। वह इमराना को पैसे देने और एकांत में मिलने का झांसा देकर नांगल अहीर गांव के घने जंगल में ले गया।

कपड़े उतारते ही सरिए से किए ताबड़तोड़ वार, नाले में फेंकी लाश जंगल में ले जाकर आरोपी ने इमराना से कपड़े उतारने को कहा। इमराना जैसे ही कपड़े उतारने लगी, शमशाद ने बाइक में छिपाकर रखा लोहे का भारी सरिया निकाला और उसके सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से इमराना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी ने शव को पास के नाले में फेंक दिया और इमराना का मोबाइल फोन सरिए से तोड़कर तालाब में फेंक दिया।

दूसरे प्रेमी पर शक डालने की रची चाल, पति के साथ करता रहा तलाश का नाटक शमशाद ने पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या की जगह जानबूझकर इमराना के कथित पहले प्रेमी केशव के गांव के पास चुनी, ताकि शक उसी पर जाए। वारदात के बाद वह इमराना के पति के साथ मिलकर उसे ढूंढने का नाटक करता रहा ताकि किसी को उस पर रत्ती भर भी संदेह न हो। हालांकि, रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर शमशाद की संदिग्ध गतिविधियां सामने आ गईं। पुलिस ने 22 अगस्त को हरौड़ा कट के पास से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।

 

Check Also

श्रीनगर सेंट्रल जेल में भारी सुरक्षा चूक: दीवार फांदकर फरार हुए POCSO एक्ट के दो खूंखार कैदी, पुलिस ने जारी किया वॉन्टेड नोटिस; इनाम घोषित

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर स्थित अति-सुरक्षित सेंट्रल जेल से सुरक्षा व्यवस्था को धता …