
नई दिल्ली। देशभर में शारदीय नवरात्रि के उल्लास के बीच शनिवार की काली रात कई परिवारों के लिए गहरा मातम लेकर आई। पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में हुए छह भीषण हादसों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कहीं पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से चीख-पुकार मच गई, तो कहीं अनियंत्रित भारी वाहन ने श्रद्धालुओं को रौंद डाला। इन दर्दनाक घटनाओं में कुल 42 लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 19 श्रद्धालुओं ने गंवाई जान पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात अचानक मची भगदड़ में 19 लोगों की दम घुटने और कुचले जाने से मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। तेज बारिश शुरू होते ही बाहर कतार में खड़े लोग अंदर घुसने के लिए आगे बढ़े, इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कई लोग जमीन पर गिर पड़े। परिजनों का यह भी आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों की सीटी बजाने से अफरा-तफरी का माहौल बना। पुलिस ने आयोजकों सहित 7 लोगों को हिरासत में ले लिया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्वालियर में अनियंत्रित ट्रक ने मंदिर की दुकानों को रौंदा, 15 की मौत और 40 घायल मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर के बाहर दर्दनाक मंजर देखने को मिला। जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर घाटी से उतर रहा धान की बोरियों से लदा एक बेकाबू ट्रक सीधे मुख्य द्वार के पास बनी दुकानों और श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इस भीषण टक्कर में 15 लोगों की मौके और इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों व बच्चों सहित 40 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में कई दुकानें और दोपहिया वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गए। गंभीर रूप से घायल चार-पांच लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
आसनसोल में पावर प्लांट की निर्माणाधीन चिमनी ढही, चार मजदूरों की दर्दनाक मौत पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित जमुड़िया इलाके में ‘श्याम एसईएल एंड पावर लिमिटेड’ के प्लांट में शनिवार शाम एक बड़ा औद्योगिक हादसा हुआ। यहां निर्माणाधीन चिमनी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे कई मजदूर दब गए। मलबे में फंसे चार श्रमिकों को बाहर निकाला गया, जिनमें से तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक मजदूर ने अस्पताल में वेंटिलेटर पर इलाज के दौरान दम तोड़ा।
हैदराबाद में डांडिया नाइट के दौरान गिरा भारी लाइटिंग स्टैंड, इंजीनियरिंग छात्रा की गई जान तेलंगाना के हैदराबाद स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रहे डांडिया उत्सव के दौरान अचानक तेज हवाओं के चलते रोशनी के लिए लगाया गया भारी-भरकम लाइटिंग स्टैंड नीचे गरबा कर रहे छात्रों पर गिर पड़ा। इस अप्रत्याशित हादसे में एक इंजीनियरिंग छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे की चपेट में आने से 14 अन्य छात्र-छात्राएं भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
बलरामपुर में पंडाल के पास वीडियो देख रहे लोगों को वाहन ने रौंदा, 3 की मौत उत्तर प्रदेश के बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत चरनगहिया बेलहा गांव में सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे ग्रामीणों पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन चढ़ गया। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
नासिक में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर चढ़ी कार, सब-इंस्पेक्टर की मौत और 11 घायल महाराष्ट्र के नासिक स्थित नांदुरी इलाके में नवरात्रि ड्यूटी पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं को एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में सब-इंस्पेक्टर विजय गायकवाड़ की इलाज के दौरान शहादत हो गई, जबकि 11 अन्य पुलिसकर्मी और श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार वणी ग्रामीण अस्पताल और नासिक के उच्च चिकित्सा केंद्र में जारी है।
voice of india