Sunday , 26 July 2026

वैष्णो देवी भूस्खलन : यूपी के इस जिले के 62 श्रद्धालु फंसे : लंगर में कर रहे भोजन, होटल में ली शरण; प्रशासन से मदद की गुहार

बाराबंकी )। बाराबंकी के करीब 62 श्रद्धालु माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान भूस्खलन की वजह से फंस गए हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा के नेतृत्व में आए 30 लोग और भाजपा मंडल महामंत्री दीपक वर्मा के नेतृत्व में 32 लोग इस यात्रा में शामिल हैं। हालात बिगड़ने पर श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मदद की अपील की है।

तहसील सिरौली गौसपुर के गगौली गांव से 30 लोगों का जत्था 25 अगस्त को लखनऊ से रवाना हुआ था। ये लोग 26 अगस्त को कटरा पहुंचे और होटल में रुके थे। यात्रा मार्ग पर भूस्खलन होने से माता वैष्णो देवी की यात्रा रोक दी गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा के नेतृत्व में आए श्रद्धालु तभी से होटल में ही ठहरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे सेवादारों द्वारा लगाए गए लंगर से भोजन कर रहे हैं। फंसे हुए श्रद्धालुओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। इनमें सरवन कुमार वर्मा, बृजेश कुमार वर्मा, केवल रावत, अजय वर्मा, मोटकऊ काका, अखिलेश वर्मा, विनय वर्मा समेत कई परिवारों के सदस्य शामिल हैं।

32 लोगों का ग्रुप भी जम्मू में फंसा

वहीं, भरथीपुर गांव से भाजपा मंडल महामंत्री दीपक वर्मा के नेतृत्व में 32 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था भी जम्मू में फंसा हुआ है। यह लोग एक मंदिर में शरण लिए हुए हैं। पैसे की कमी होने पर गांव व भाजपा के लोग मदद भेज रहे हैं। इस समूह में 9 महिलाएं और 4 बच्चे भी शामिल हैं। श्रद्धालु इस समय श्री बांके बिहारी गोरखा मंदिर, शिवाजी चौक नानक नगर में शरण लिए हुए हैं।

यात्रा दल 24 अगस्त को कटरा पहुंचा था और 25 को माता वैष्णो देवी के दर्शन किए।वापसी के दौरान मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक भूस्खलन हो गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि कटरा पहुंचने से पहले पुलिस और अधिकारियों की गाड़ियां सायरन बजाते हुए निकलीं। इसके तुरंत बाद भगदड़ मच गई और दूर से धुंध और कीचड़ के बीच अफरातफरी का माहौल दिखाई देने लगा। फंसे हुए श्रद्धालुओं में अर्पिता दीपक वर्मा, सुनीता, रघुराज वर्मा, जय देवी, रामनरायण गौतम, विनोद कुमार, रीता देवी, बेबी, शिवकुमारी गौतम, प्रमोद, काजल गौतम और सूरज शामिल हैं।

Check Also

Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT का पुनर्गठन, IPS किरण एस. के नेतृत्व में बनी नई टीम; 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में पेश होगी रिपोर्ट

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा …