Monday , 7 September 2026

लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: सिपाही ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर पत्नी की हत्या की, लाश के पास बैठकर रोता रहा आरोपी

लखनऊ। राजधानी के पॉश माने जाने वाले महानगर इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पेपर मिल कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले यूपी पुलिस के एक सिपाही ने घरेलू कलह के दौरान अपना आपा खो दिया और लोहे की रॉड से हमला कर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सिपाही कहीं भागा नहीं, बल्कि लहूलुहान शव के पास बैठकर रोता रहा। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी सिपाही को हिरासत में ले लिया है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में जुटी है।

शादी के 9 साल बाद खूनी अंत, किराए के मकान में घटी घटना

मूल रूप से अयोध्या के निराला नगर निवासी हिमांशु श्रीवास्तव साल 2011 में यूपी पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी तैनाती ज्वाइंट सीपी कार्यालय डालीगंज के सूचना अधिकार (RTI) प्रकोष्ठ में थी। हिमांशु की शादी साल 2015 में अंबेडकरनगर की रहने वाली रश्मि श्रीवास्तव के साथ हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है और वे पिछले करीब तीन साल से महानगर की पेपर मिल कॉलोनी में एक डॉक्टर के मकान में किराए पर रह रहे थे।

कहासुनी के बाद सिर पर किया रॉड से जानलेवा हमला

रविवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि हिमांशु ने गुस्से में आकर घर में रखी लोहे की भारी रॉड उठाई और रश्मि के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से रश्मि लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

साले को फोन कर बोला— ‘रश्मि की तबीयत ठीक नहीं’

हत्या के बाद आरोपी हिमांशु ने अपने साले आदर्श को फोन किया और कहा कि रश्मि की तबीयत बहुत ज्यादा खराब है। अनहोनी की आशंका होने पर आदर्श ने लखनऊ में ही रहने वाले अपने दूसरे भाई सौरभ को तुरंत बहन के घर भेजा। जब सौरभ कमरे पर पहुंचा तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गया। बहन रश्मि खून से लथपथ जमीन पर मृत पड़ी थी और हिमांशु उसके पास बैठकर रो रहा था। सौरभ ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।

मायके वालों का आरोप— ‘अक्सर करता था प्रताड़ित’

मृतका के भाई सौरभ ने आरोप लगाया कि हिमांशु का व्यवहार रश्मि के प्रति शुरू से अच्छा नहीं था। वह आए दिन रश्मि से झगड़ा और मारपीट करता था। लोकलाज और परिवार टूटने के डर से मायके वाले हर बार बहन को समझा-बुझाकर मामला शांत करा देते थे, लेकिन उन्हें अंदेशा नहीं था कि बात हत्या तक पहुंच जाएगी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी सिपाही से पूछताछ जारी

सूचना मिलते ही महानगर पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने कमरे से खून के नमूने, हत्या में प्रयुक्त रॉड और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। आरोपी सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर कानूनी धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Check Also

बस्ती में पूर्व थानाध्यक्ष खुदकुशी मामले में बड़ा खुलासा: हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट का पर्दाफाश; महिला, पिता और वकील गिरफ्तार

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में वाल्टरगंज थाने के पूर्व थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह …