
लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से मोबाइल की ईएमआई न चुका पाने पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। किस्त के चंद रुपयों की खातिर एक युवक का अपहरण कर पांच दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया और फिर जबरन उसका खून निकलवाकर बेच दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी रिकवरी एजेंट को निगोहां थाना पुलिस ने रविवार को धर दबोचा।
घर से अगवा कर पांच दिन तक बनाया बंधक, कराई मजदूरी निगोहां थाना प्रभारी रवींद्र कुमार कनौजिया के अनुसार, राजारामखेड़ा गांव के निवासी जदुराई ने पुलिस को दी गई शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती बताई थी। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को दो रिकवरी एजेंट स्कूटी से उनके घर पहुंचे और उनके बेटे नेवल कुमार को बात करने के बहाने साथ ले गए। इसके बाद आरोपियों ने युवक को एक अज्ञात मकान में पांच दिनों तक अवैध रूप से बंधक बनाए रखा। इस दौरान नेवल को भूखा-प्यासा रखकर बुरी तरह पीटा गया और उससे जबरन मजदूरी भी कराई गई।
खून बेचकर वसूले पैसे, भाई से भी मंगाए रुपये आरोपियों की दरिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई। किस्त की भरपाई करने के लिए आरोपियों ने पीड़ित युवक का एक यूनिट खून जबरन निकलवाया और उसे बाजार में बेच दिया। इसके अलावा, पीड़ित के बड़े भाई राजकुमार पर दबाव बनाकर उसके खाते से 2,799 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। जब आरोपियों को भनक लगी कि पीड़ित के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है, तो उन्होंने डरकर नेवल को एक रैपिडो बाइक पर बैठाकर थाने के पास छोड़ दिया।
पुलिस ने कसा शिकंजा: 25 हजार का इनामी मुख्य आरोपी शुभम गिरफ्तार पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल अपहरण, बंधक बनाने, जबरन वसूली और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस और स्वाट टीम को लगाया गया। एसीपी आर.के. सिंह के पर्यवेक्षण में निगोहां पुलिस टीम ने रविवार को फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी शुभम सिंह (निवासी उदयगंज, थाना हुसैनगंज) को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी के मुताबिक, इस मामले में शामिल फाइनेंस कंपनी के मैनेजर सुशांत शर्मा और एक अन्य सहयोगी अनिकेत सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सपा के पूर्व विधायक पहुंचे पीड़ित के घर, सरकार पर उठाए सवाल इस अमानवीय घटना के सामने आने के बाद सियासी पारा भी चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अम्बरीष सिंह पुष्कर रविवार को पीड़ित नेवल के गांव राजारामखेड़ा पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक ने दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के दावों के बीच रिकवरी के नाम पर आम नागरिकों के साथ अमानवीय अत्याचार हो रहे हैं और पुलिस का खौफ खत्म होता दिख रहा है।
voice of india