
लखनऊ राजधानी लखनऊ के बाबू बनारसी दास (बीबीडी) थाना क्षेत्र से वैवाहिक धोखाधड़ी और प्रताड़ना का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर पति की गंभीर शारीरिक बीमारी छिपाकर शादी रचाने और बाद में 25 लाख रुपये के अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अमानवीय मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर बीबीडी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के कुछ समय बाद ही 25 लाख रुपये की मांग, विरोध पर मारपीट मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली तृप्ति सिंह का विवाह 2 दिसंबर 2022 को राजाजीपुरम (श्रवण सदन) निवासी शशांक सिंह के साथ पूरे रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। वर्तमान में तृप्ति बीबीडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ओमेगा ग्रीन पार्क आर्किड हाइट्स में रह रही हैं। पीड़िता के अनुसार, शादी के दौरान उनके मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक भरपूर दान-दहेज, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और घरेलू सामान भेंट किया था। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बीतते ही पति और ससुराल के अन्य सदस्यों का लालच बढ़ गया और उन्होंने अतिरिक्त दहेज के तौर पर 25 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को अपशब्द कहे जाने लगे और उसके साथ आए दिन मारपीट व मानसिक क्रूरता की जाने लगी।
मेडिकल जांच में खुली पति की गंभीर बीमारी की पोल, धोखे में रखकर कराई शादी पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विवाह के बाद पति ने लंबे समय तक उसके साथ सामान्य दांपत्य संबंध स्थापित नहीं किए। जब भी वह इस विषय में बात करने की कोशिश करती, तो पति आगबबूला हो जाता और कई-कई दिनों तक बोलचाल पूरी तरह बंद कर देता। इस लगातार तनाव और प्रताड़ना के चलते विवाहिता का अपना स्वास्थ्य भी बिगड़ने लगा, जिससे उसे गंभीर संक्रमण और कमजोरी की समस्या हो गई।
संदेह होने पर जब 28 नवंबर 2024 को पति की विस्तृत चिकित्सकीय जांच कराई गई, तो चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई। जांच में पुष्टि हुई कि पति इरेक्टाइल डिस्फंक्शन (ईडी) और आर्टीरियल इनसफिशिएंसी जैसी गंभीर चिकित्सकीय बीमारियों से ग्रसित है। पीड़िता का सीधा आरोप है कि ससुराल पक्ष और पति को इस गंभीर बीमारी की पूरी जानकारी शादी से पहले से थी, लेकिन उन्होंने जानबूझकर सच छिपाया और धोखे में रखकर यह शादी कराई।
जानलेवा हमले के बाद मायके लौटी पीड़िता; पति, सास और ननद पर मुकदमा दर्ज विवाहिता का आरोप है कि बीमारी का सच उजागर होने के बाद ससुरालियों का रवैया और ज्यादा हिंसक हो गया। 11 दिसंबर 2024 को पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद 9 अगस्त 2025 को पति, सास और ननद ने एकजुट होकर दोबारा मायके से 25 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। जब पीड़िता ने असमर्थता जताई, तो उसे बुरी तरह पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। गंभीर रूप से चोटिल होने के बाद पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर ससुराल छोड़कर मायके पहुंची। पीड़िता तृप्ति सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर बीबीडी पुलिस ने आरोपी पति शशांक सिंह, सास सुषमा सिंह और ननद वैशाली सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की कानूनी तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।
voice of india