Sunday , 31 May 2026

रेलवे का बड़ा बदलाव : अब 10 घंटे पहले तैयार होगा रेलवे रिजर्वेशन चार्ट, यहाँ चेक करे पूरी डिटेल

वेटिंग लिस्ट या आरएसी टिकट वाले यात्रियों को फायदा

नई दिल्ली । ट्रेन से सफर करने वाले लाखों यात्रियों लिए अच्छी खबर है। अब ट्रेन टिकट का रिजर्वेशन स्टेटस 10 घंटे पहले ही पता चलेगा। रेलवे बोर्ड ने पहली बार चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है। इस बदलाव के तहत सुबह 5.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे के बीच रवाना होने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट पिछले दिन रात 8.00 बजे तक तैयार किया जाएगा। वहीं, दोपहर 2.01 से रात 11.59 बजे तक और रात 12.00 बजे से सुबह 5.00 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों के लिए पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 10 घंटे पहले तैयार होगा। इससे पहले रिजर्वेशन चार्ट केवल 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था, इससे आखिरी समय में यात्रियों को काफी परेशानी और भ्रम की स्थिति पैदा होती थी।

रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा, यात्रियों की सुविधा के लिए चार्ट पहले तैयार होगा, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना आसानी से बना सकें। इस संबंध में सभी जोनल रेलवे डिवीजनों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब तक रेलवे में रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने का नियम यह था कि ट्रेन के प्रस्थान से करीब 4 घंटे पहले पहला रिजर्वेशन चार्ट तैयार होता था।

इसका मतलब यह होता था कि वेटिंग लिस्ट या आरएसी में चल रहे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिली है या नहीं, इसकी जानकारी बहुत आखिरी समय में मिलती थी। इस पुराने सिस्टम की वजह से खासकर दूर-दराज से स्टेशन आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। कई बार यात्री चार्ट बनने से पहले ही स्टेशन पहुंच जाते थे और बाद में पता चलता था कि उनका टिकट कन्फर्म नहीं हुआ है। इससे न सिर्फ समय और पैसे की बर्बादी होती थी, बल्कि यात्रा को लेकर असमंजस और तनाव भी बढ़ जाता था।

Check Also

मौसम का मिजाज: देश के 15 राज्यों में प्री-मानसून आंधी-बारिश का अलर्ट; यूपी-बिहार में आसमानी आफत से 48 लोगों की मौत, इनोवा समेत 10 गाड़ियां बहीं

देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने अचानक करवट …