
इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इंदौर पुलिस ने कार्यक्रम की अंतिम अनुमति जारी करते हुए आयोजकों के सामने 31 कड़े सुरक्षा बिंदुओं की सूची रखी है। इन शर्तों में जनसमूह नियंत्रण, सघन तलाशी, अलग प्रवेश-निकास द्वार, व्यापक सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं, मंच की मजबूत सुरक्षा और किसी भी अनहोनी की स्थिति में तुरंत स्थल खाली कराने की विस्तृत योजना शामिल है। इससे पूर्व, इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) ने भी स्थल के अस्थायी आवंटन को लेकर पांच शर्तें तय की थीं।
वर्मा आयोग की सिफारिशों का हवाला, सुरक्षा में चूक की कोई गुंजाइश नहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल तय करते समय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर में हुई हत्या की जांच करने वाले जस्टिस जेएस वर्मा आयोग की रिपोर्ट का विशेष रूप से उल्लेख किया है। रिपोर्ट की सिफारिशों के आधार पर आयोजकों की व्यक्तिगत और संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गई हैं, ताकि वीआईपी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो सके।
IDA ने मांगा 4 लाख का अतिरिक्त किराया, कांग्रेस ने जताया विरोध रीजनल पार्क के सामने स्थित करीब 12 हजार वर्गमीटर के आईडीए मैदान के उपयोग के लिए कांग्रेस ने शुरुआत में लगभग 10.08 लाख रुपये जमा कराए थे। हालांकि, तय समय से पहले वाटरप्रूफ डोम और बुनियादी ढांचे का निर्माण शुरू करने पर प्राधिकरण ने करीब 4 लाख रुपये अतिरिक्त जमा कराने का नोटिस थमा दिया। कांग्रेस ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन समय पर आयोजन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त राशि का भुगतान कर दिया।
नेहरू स्टेडियम से रीजनल पार्क शिफ्ट हुआ वेन्यू ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को शहर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित होना था, लेकिन वहां प्रशासनिक अनुमति न मिलने के चलते तारीख को आगे बढ़ाकर 19 सितंबर किया गया और स्थल बदलकर रीजनल पार्क के सामने वाले मैदान को चुना गया। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की घोषणा के बाद से ही लगातार तरह-तरह की प्रशासनिक रुकावटें डाली जा रही हैं, फिर भी पार्टी सभी 31 सुरक्षा शर्तों का पूरी तरह पालन करेगी।
कोटा से शुरू हुआ कारवां अब इंदौर में युवाओं और छात्रों से सीधे संवाद के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से हुई थी। देहरादून, प्रयागराज और पुणे के सफल आयोजनों के बाद इंदौर इस देशव्यापी अभियान का पांचवां पड़ाव बनने जा रहा है। फिलहाल आयोजन स्थल पर भव्य डोम और सुरक्षा बैरिकेडिंग का काम अंतिम चरण में है।
voice of india