Monday , 14 September 2026

रंगिया के होटल में खौफनाक वारदात: शक के चलते 22 वर्षीय युवक ने कैंची और टेस्टर से गोदकर की प्रेमिका की हत्या, खुदकुशी का भी किया प्रयास

गुवाहाटी। असम के कामरूप ग्रामीण जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। रंगिया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक होटल के कमरे में 22 वर्षीय युवक ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका की कैंची और टेस्टर से नृशंसतापूर्वक गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने स्वयं भी जान देने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है।

होटल के कमरे में मिला लहूलुहान शव

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतका की पहचान सोनितपुर जिले के हुगराजूली की रहने वाली 23 वर्षीय मालिनी गुरिया के रूप में हुई है। वहीं, हत्यारोपी की पहचान उदलगुरी निवासी 22 वर्षीय अभिजीत किंडो के रूप में की गई है।

रविवार सुबह रंगिया पुलिस को रेलवे इंस्पेक्टर के माध्यम से होटल में संदिग्ध वारदात की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस दल जब होटल के कमरे में पहुंचा, तो वहां मालिनी का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। युवती के शरीर पर कैंची और नुकीले टेस्टर से किए गए कई गहरे घाव थे। उसी कमरे में आरोपी अभिजीत भी खून से लथपथ और गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने बिना देर किए उसे अपनी निगरानी में लेकर नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

चेन्नई से लौटी थी युवती, पहले से ही तैयार था खूनी प्लान

प्रारंभिक पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि मालिनी शनिवार रात अपनी दो सहेलियों के साथ चेन्नई से यात्रा कर रंगिया रेलवे स्टेशन पहुंची थी। आरोपी अभिजीत उन्हें रिसीव करने स्टेशन आया और सभी को स्टेशन के पास स्थित होटल ले गया। होटल में अभिजीत ने खुद के लिए अलग कमरा लिया था, जबकि युवतियां दूसरे कमरे में ठहरी थीं। हालांकि, देर रात आरोपी चुपके से मालिनी के कमरे में दाखिल हो गया।

हिरासत में आरोपी ने मीडियाकर्मियों के सामने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसे मालिनी पर किसी अन्य युवक से संपर्क रखने और बेवफाई करने का गहरा शक था। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने स्टेशन पहुंचने से पूर्व ही मालिनी को ठिकाने लगाने की साजिश रच ली थी। हत्या करने के बाद रविवार सुबह उसने मालिनी की सहेलियों को फोन कर बताया कि उसने मालिनी को मार डाला है और अब वह खुद भी जान देने जा रहा है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, गहन जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए गुवाहाटी से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई, जिसने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या से संबंधित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयानों और घटनाक्रम की हर पहलू से तकनीकी व वैज्ञानिक जांच की जा रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

 

Check Also

TMC में वर्चस्व की जंग: पार्टी सिंबल और नियंत्रण पर चुनाव आयोग का अंतरिम आदेश से इनकार, ममता गुट को मिला अतिरिक्त समय

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांगठनिक नियंत्रण और आधिकारिक अधिकार को लेकर जारी सियासी …