
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए 17 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस तबादला सूची में सबसे ज्यादा चर्चा मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की रही। लगातार सात बार सेवा विस्तार (Extension) हासिल करने के बाद आखिरकार आठवीं बार केंद्र और राज्य से हरी झंडी न मिलने के कारण उत्तर प्रदेश में उनकी लंबी पारी पर विराम लग गया है। उन्हें मूल कैडर के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। वहीं, अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को अब मुरादाबाद मंडल की नई कमान सौंपी गई है।
आजम खान पर कार्रवाई से चर्चा में आए थे आंजनेय सिंह सिक्किम कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह रामपुर के जिलाधिकारी रहते हुए सबसे ज्यादा सुर्खियों में आए थे। उस दौरान सपा नेता आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी की जमीनों से जुड़े कई बड़े मामलों में प्रशासनिक कार्रवाइयों को लेकर वे लगातार चर्चा के केंद्र में रहे। इसके बाद उनका तबादला हुआ और जिम्मेदारियां भी बदलीं, लेकिन यूपी में उनकी प्रशासनिक पकड़ बरकरार रही।
7 बार मिला एक्सटेंशन, 8वीं बार थमा सिलसिला आंजनेय सिंह काफी समय से उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे थे। आमतौर पर किसी भी अधिकारी को एक या दो बार ही एक्सटेंशन मिलता है, लेकिन शासन में उनकी जरूरत को देखते हुए उन्हें एक के बाद एक सात बार सेवा विस्तार दिया गया। इस दौरान वे मुरादाबाद के मंडलायुक्त पद पर तैनात रहे। हालांकि, आठवें विस्तार को मंजूरी नहीं मिलने के बाद वह अवकाश पर चले गए थे और अब उन्हें उनके मूल कैडर सिक्किम के लिए रिलीव कर दिया गया है।
मंडलायुक्तों के साथ इन बड़े विभागों में भी बदले चेहरे प्रशासनिक फेरबदल के तहत अलीगढ़ की कमिश्नर संगीता सिंह को मुरादाबाद भेजा गया है, जबकि राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) रहे सोम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा शासन स्तर पर कई महत्वपूर्ण विभागों में भी नई तैनातियां की गई हैं:
-
गोरी शंकर प्रियदर्शी को आयुष विभाग के महानिदेशक के साथ राष्ट्रीय आयुष मिशन का प्रभार मिला है।
-
दीपा चौधरी को राजस्व परिषद में प्रशासनिक सदस्य बनाया गया है।
-
प्रमोद कुमार उपाध्याय को ग्राम्य विकास आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-
मासूम अली सरवर को जल निगम (नगरीय) का प्रबंध निदेशक और अमृत योजना का जिम्मा दिया गया है।
-
डॉ. राज शेखर को नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है।
-
योगेश कुमार को जल निगम (ग्रामीण) के एमडी पद पर तैनात किया गया है।
-
कुमार प्रशांत सहकारिता विभाग के आयुक्त एवं निबंधक बनाए गए हैं।
-
गुरुत्ता श्रीनिवासुलु को राज्य सूचना आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है।
-
अमृत पाल कौर को यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ में संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
आईएएस से पहले 9 आईपीएस अफसरों के भी हुए थे तबादले प्रशासनिक स्तर पर हुए इस व्यापक फेरबदल से ठीक तीन दिन पहले पुलिस महकमे में भी बड़ी सर्जरी की गई थी। 21 अगस्त की देर रात 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर सात जिलों के कप्तान (SP-SSP) बदले गए थे। इसमें संभल के एसपी केके बिश्नोई को बिजनौर भेजा गया था और विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल की कमान दी गई थी। इसके अलावा मेरठ, झांसी, सुल्तानपुर, गोंडा और बलरामपुर में भी नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई थी।
तबादले की पूरी सूची इस प्रकार है:


voice of india