Tuesday , 8 September 2026

मोबाइल पर बात करना बना मौत का सबब: बांदा में आशनाई के शक में युवक को बांके से काटा, बाइक समेत नदी में फेंकी लाश; 48 घंटे में 2 सगे भाइयों समेत 3 दबोचे

बांदा ब्यूरो: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम-प्रसंग और बातचीत के शक में एक युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। कातिलों ने खौफनाक साजिश के तहत हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए युवक के शव को उसकी बाइक के साथ ही नदी में फेंक दिया। हालांकि, खाकी की मुस्तैदी के आगे हत्यारों की चालाकी धरी की धरी रह गई। नरैनी कोतवाली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए दो सगे भाइयों समेत तीन मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने नदी से कत्ल में इस्तेमाल धारदार बांका और मृतक की बाइक भी बरामद कर ली है।

5 सितंबर को पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी और कत्ल की आशंका वारदात नरैनी थाना क्षेत्र की है। ग्राम नहरी लक्ष्मी बाजार निवासी जिलेदार ने 5 सितंबर को थाने पहुंचकर पुलिस को अपने बेटे बरकत की हत्या कर शव को बागै नदी में फेंक दिए जाने की सनसनीखेज सूचना दी थी। मामले की नजाकत और संगीनता को देखते हुए बांदा के पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कई टीमों का गठन किया और आरोपियों की धरपकड़ के कड़े निर्देश दिए। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर कड़ियां जोड़ना शुरू किया।

महिला से बातचीत को लेकर चल रही थी पुरानी रंजिश सीओ नरैनी प्रवीण कुमार के मुताबिक, पुलिस ने जब संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो रूह कंपा देने वाली सच्चाई सामने आई। पूछताछ में पता चला कि मृतक बरकत का आरोपियों के परिवार की ही एक महिला के साथ मोबाइल फोन पर संपर्क था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी, जिसकी भनक महिला के परिजनों को लग गई थी। इसी आशनाई के शक और रंजिश में परिवार के लोगों ने बरकत को रास्ते से हटाने का पूरा खाका तैयार किया।

बांके से काटा और फिर पुल से बाइक सहित नदी में फेंका शव प्लान के मुताबिक, आरोपियों ने बरकत को घेरकर धारदार हथियार बांके से ताबड़तोड़ वार किए और उसे मौत की नींद सुला दिया। जुर्म को दुर्घटना या अनसुलझी पहेली बनाने के इरादे से कातिलों ने बरकत के शव को उसकी बाइक सहित बागै नदी के पुल से नीचे पानी में फेंक दिया, ताकि किसी को कोई सुराग न मिल सके।

दो भाइयों समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद लगातार 48 घंटे की भागदौड़ के बाद नरैनी पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों नामजद आरोपियों—चुनवदा उर्फ रमेश और उसके सगे भाई रामबाबू (पुत्रगण पुन्ना, निवासी शंकर बाजार अंश पुकारी) और उनके तीसरे साथी अरुण (पुत्र किशोरी लाल, निवासी ग्राम पुकारी) को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बागै नदी के पानी से हत्या में इस्तेमाल बांका और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों को जेल भेज दिया गया है।

 

Check Also

मोहसिन रजा को यूपी में बड़ी जिम्मेदारी: राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बने, मिलेगा कैबिनेट मंत्री का दर्जा; वक्फ संपत्तियों पर उठाए थे बड़े सवाल

लखनऊ ब्यूरो: उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्व मंत्री मोहसिन रजा की एक बार फिर …