Monday , 31 August 2026

‘मैं जिंदा हूं, टीवी पर अपनी ही मौत की खबर देख रहा हूं’: लखनऊ हत्याकांड में हिंदू युवा वाहिनी नेता का वीडियो वायरल, जानिए क्या है पूरा मामला

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रविवार को हुई एक सनसनीखेज वारदात ने उस वक्त अजीबोगरीब मोड़ ले लिया, जब अपनी ही हत्या की खबर देख रहे हिंदू युवा वाहिनी के नेता को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी। अपहरण के बाद गोली मारकर की गई धीरेंद्र प्रताप नाम के शख्स की हत्या के मामले में सोशल मीडिया और कुछ समाचार चैनलों पर हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह की तस्वीर और नाम चला दिया गया। इसके बाद शाम को खुद सामने आए मंडल प्रभारी ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह जीवित और सुरक्षित हैं।

नाम में समानता के चलते फैली भ्रांति

राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में उन्नाव निवासी धीरेंद्र प्रताप की हत्या की सूचना के बाद सोशल मीडिया पर मृतक को हिंदू युवा वाहिनी का नेता बताकर प्रचारित किया जाने लगा। जल्दबाजी में कई जगह हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह की तस्वीरें प्रसारित कर दी गईं। देखते ही देखते यह खबर प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गई, जिसके बाद संगठन और उनके परिचितों में हड़कंप मच गया।

वायरल वीडियो में बोले- ‘मैं जीवित हूं और पूरी तरह सकुशल हूं’

अफवाहों का दौर बढ़ता देख हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने एक वीडियो जारी कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उन्नाव निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह की दुखद हत्या की खबर को कुछ मीडिया माध्यमों ने जल्दबाजी में उनके नाम और पद से जोड़ दिया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना पुष्टि के उनकी तस्वीर और हिंदू युवा वाहिनी के पद का उल्लेख कर दिया गया, जिससे उनके जानने वालों में भारी भ्रम और चिंता की स्थिति बन गई।

‘एक घंटे में आए 200 फोन, हर किसी को कहना पड़ा- जिंदा हूं भाई’

धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खबर चलने के बाद उनके फोन की घंटी लगातार बजती रही। महज एक घंटे के भीतर उनके पास करीब 200 से अधिक फोन कॉल्स आए और हर कॉल पर उन्हें यही कहना पड़ा कि ‘मैं अभी जिंदा हूं।’ उन्होंने कहा कि सामने टीवी पर अपनी ही मौत की खबर देखना बेहद विचित्र और तनावपूर्ण अनुभव रहा। उन्होंने मीडिया जगत से खबरों की विश्वसनीयता और तथ्य-जांच सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि बिना सत्यापन के चलाई गई खबरों से किसी भी व्यक्ति का सामान्य जीवन प्रभावित हो सकता है।

 

Check Also

कौशांबी में भीषण विस्फोट: घर में बन रहे थे पटाखे, अचानक हुआ जोरदार धमाका; भरभराकर गिरा मकान, कई घायल

कौशांबी उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना …