
मुजफ्फरनगर : जनपद के छपार थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 4 सितंबर को जन्माष्टमी की रात घर से मंदिर दर्शन के लिए निकली 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को रास्ते से अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। घटना दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ी होने के कारण गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव व संवेदनशीलता व्याप्त है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मंदिर जाते वक्त रास्ते से खींचा, कमरे में ले जाकर किया कुकर्म
जानकारी के मुताबिक, छपरा गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी जन्माष्टमी की पावन रात गांव के ही मंदिर में दर्शन करने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही समीर नामक युवक ने अपने दो अन्य साथियों, वलीन और सलमान के साथ मिलकर किशोरी को जबरन रोक लिया और मुंह दबाकर उसे खींचते हुए अपने घर ले गए। वहां एक बंद कमरे में मुख्य आरोपी समीर ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद किशोरी की हालत बिगड़ गई और वह बदहवास हो गई।
बदहवास हालत में मिली पीड़िता, होश आने पर सुनाई आपबीती
देर रात तक जब बच्ची घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने गांव भर में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पीड़िता आरोपी समीर के घर से अचेत और बदहवास हालत में बरामद हुई। किशोरी को इस हाल में छोड़कर तीनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। होश में आने के बाद पीड़िता ने रोते हुए परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने पुलिस और मीडिया के समक्ष कहा, “मैं रात में मंदिर जा रही थी, तभी तीनों लड़के मुझे खींचकर ले गए। समीर ने मेरे साथ गलत काम किया और मुझे बेहोश कर दिया। उन सभी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और मुझे न्याय मिलना चाहिए।”
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य दो की भूमिका की हो रही जांच
घटना से आक्रोशित परिजन किशोरी को लेकर सीधे छपार थाने पहुंचे और मामले की लिखित तहरीर दी। सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। सीओ सदर सुनील कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया पूरी कर ली है। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है, जबकि वलीन और सलमान की आपराधिक भूमिका को लेकर वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
देर रात पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, कहा- अपराधियों पर होगा वज्रपात
वारदात की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल देर रात पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़िता के पिता और दादी से मिलकर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। मंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को बिना किसी दबाव के कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दो टूक कहा, “यह बेहद घृणित और पीड़ादायक कृत्य है। योगी आदित्यनाथ सरकार में ऐसे असामाजिक तत्वों और दुराचारियों पर वज्रपात जैसी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा।”
voice of india