Saturday , 26 September 2026

मुजफ्फरनगर में भाकियू नेता के इकलौते बेटे की हत्या: जन्मदिन पार्टी में गया था LLB छात्र, खेत की नाली में मिला शव; एनकाउंटर की मांग पर अड़े परिजन, अखिलेश ने उठाए सवाल

मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला सचिव एवं ग्राम प्रशासक के 18 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक का शव गांव के निकट एक खेत की नाली से बरामद किया गया। छात्र बुधवार शाम अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। वारदात की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को घर के बाहर रखकर अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया और हत्यारों के एनकाउंटर की मांग पर अड़ गए। बाद में पुलिस अधिकारियों के निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

जन्मदिन पार्टी में गया था छात्र, सुबह खेत की नाली में मिला शव

गांव हरैटी के प्रशासक एवं भाकियू जिला सचिव विवेक राठी का 18 वर्षीय पुत्र रोहन मुजफ्फरनगर के श्रीराम कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के मुताबिक, रोहन बुधवार को नन्हेड़ा गांव निवासी अपने दोस्त किट्टू की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। रात करीब साढ़े नौ बजे जब पिता विवेक ने उसे फोन किया, तो उसने रात में दोस्त के पास ही रुकने की बात कही और सुबह लौटने को कहा। हालांकि, गुरुवार सुबह जब स्थानीय किसान खेतों की ओर गए, तो गांव से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक खेत की नाली में रोहन का शव पड़ा मिला।

शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन, हत्यारों के एनकाउंटर की मांग

पोस्टमार्टम के बाद जब रोहन का शव गांव पहुंचा, तो कोहराम मच गया। भाकियू कार्यकर्ताओं, परिजनों और ग्रामीणों ने शव को घर के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती और उनका एनकाउंटर नहीं किया जाता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी अमृत जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का कड़ा भरोसा दिलाया। करीब दो घंटे तक चली मान-मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए और रोहन का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, कैबिनेट मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

इस जघन्य हत्याकांड पर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि मामले में महज टीम बनाकर जांच का दिखावा न किया जाए, बल्कि असल हत्यारों का तुरंत पर्दाफाश होना चाहिए। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मामले में तत्परता बरतने और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

दम घुटने से हुई मौत, मोबाइल-बाइक और घड़ी गायब

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन और सीओ सदर सुनील कुमार ने पुरकाजी व छपार थाने की पुलिस के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, छात्र की मौत दम घुटने की वजह से हुई है। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने मुंह और नाक दबाकर वारदात को अंजाम दिया। मृतक के चाचा विनय राठी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का बयान: मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन से खुलेंगे राज

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि घटनास्थल से मृतक युवक की बाइक, उसका आईफोन और हाथ में पहनी घड़ी गायब मिली है। पुलिस की सर्विलांस और फॉरेंसिक टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (सीडीआर) और छात्र के दोस्तों के बयानों के आधार पर कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

Check Also

राहुल के गढ़ रायबरेली में अखिलेश का PDA रथ: भड़की कांग्रेस बोली- ‘हम भी जाएंगे सैफई-इटावा’, BJP ने कसा तंज; जानिए 2027 की सीट शेयरिंग का नया गणित

 लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई …