Saturday , 3 October 2026

मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP के प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, मची अफरातफरी..सीने में दर्द के बाद तोड़ा दम

मुंबई ब्यूरो: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार (2 अक्टूबर 2026) को दादर स्थित ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने और दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से मौत हो गई। इस अप्रत्याशित घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतक की शिनाख्त ठाणे निवासी गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई के रूप में की गई है।

गेट नंबर 6 के पास बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द के बाद तोड़ा दम पुलिस के अनुसार, ठाणे से आए गोपालकृष्ण पिल्लई शाम करीब 4:30 बजे शिवाजी पार्क मैदान पहुंचे थे। शाम लगभग 5:00 बजे शिवाजी पार्क के गेट नंबर 6 के समीप उन्हें अचानक बेचैनी और सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। पिल्लई को अस्वस्थ देखकर आसपास मौजूद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने फौरन मदद की। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद एक डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में नजदीक स्थित सुश्रूषा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कड़ी धूप और बिना अनुमति जुटी भारी भीड़ सीजेपी का यह विरोध प्रदर्शन शुक्रवार शाम करीब चार बजे शुरू हुआ था। उस समय क्षेत्र में उमस और तेज धूप थी। पुलिस प्रशासन की ओर से इस प्रदर्शन के लिए औपचारिक अनुमति नहीं दी गई थी, इसके बावजूद शिवाजी पार्क और उसके आसपास के रास्तों पर हजारों की तादाद में कार्यकर्ता और आम लोग एकत्रित हो गए। भीड़ अधिक होने के कारण मैदान के आसपास का पूरा इलाका खचाखच भर गया और पुलिस को व्यवस्था संभालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

अभिजीत दीपके ने सरकार को ललकारा, सीईसी के इस्तीफे पर अड़े प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गरमा गया जब सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने मंच से आक्रामक रुख अपनाते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सीधे चुनौती दी। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे दीपके ने कहा कि यदि प्रशासन में दम है तो वह शिवाजी पार्क में जुटे सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करके जेल भेजकर दिखाए।

केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार, नीट मुद्दे का भी किया जिक्र

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सीजेपी प्रमुख ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीट (NEET) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए बड़े आंदोलन के महज दो महीने के भीतर ही देश में एक और बड़े विरोध प्रदर्शन की नौबत आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं की कार्यशैली से जनता में अविश्वास का माहौल बना है और जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

 

Check Also

उमेश पाल की पत्नी जया पाल को BJP में बड़ा पद, क्या 2027 में ‘शहर पश्चिमी’ से लड़ेंगी चुनाव? पढ़ें इनसाइड स्टोरी

लखनऊ ब्यूरो: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को अपने विभिन्न मोर्चों की …