Monday , 21 September 2026

मिशन यूपी 2027: चुनावी रणनीति को धार देने पश्चिमी यूपी के रण में उतरे बीजेपी अध्यक्ष, मेरठ से सहारनपुर तक बैठकों का महामंथन

लखनऊ/मेरठ उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की बिसात पर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी व्यूहरचना तेज कर दी है। चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय सघन संगठनात्मक दौरे पर पहुंचे हैं। सियासी हलकों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस दौरे को पार्टी के सामाजिक समीकरण दुरुस्त करने और संगठनात्मक मशीनरी को चुस्त करने के लिहाज से निर्णायक माना जा रहा है।

पश्चिम यूपी के दिग्गजों और कार्यकर्ताओं के साथ बंद कमरे में मंथन दौरे के पहले दिन 21 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक ढांचे की व्यापक समीक्षा शुरू की। इस दौरान क्षेत्र के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जमीनी स्तर के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठकों का दौर चला। पार्टी का प्राथमिक फोकस पिछले चुनावों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर के तंत्र को पुनः अभेद्य बनाना है। अध्यक्ष ने आगामी अभियानों को लेकर नेताओं को दो टूक दिशा-निर्देश देते हुए जनता के बीच लगातार सक्रियता बनाए रखने का आह्वान किया।

प्रबुद्धजनों से संवाद और बाबा औघड़नाथ के दर पर हाजिरी दौरे के दूसरे दिन, यानी 22 सितंबर को कार्यक्रमों का केंद्र ऐतिहासिक धरती मेरठ और सहारनपुर रहेगा। दिन की शुरुआत मेरठ में प्रबुद्ध जन संवाद से होगी, जहां नितिन नवीन समाज के वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों और गणमान्य हस्तियों से रूबरू होंगे। इसके उपरांत, वह 1857 की क्रांति के साक्षी रहे मेरठ के सुप्रसिद्ध बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान आशुतोष के दर्शन-पूजन करेंगे और आशीर्वाद लेंगे।

कार्यकर्ता के घर जमीन पर भोजन, फिर पदाधिकारियों संग हाई-लेवल बैठक मेरठ के कार्यक्रमों को संपन्न कर भाजपा अध्यक्ष सीधे सहारनपुर का रुख करेंगे। संगठन से जुड़ाव और सामान्य कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का संदेश देते हुए वह दोपहर करीब 1 बजे सहारनपुर में एक निष्ठावान कार्यकर्ता के आवास पर साधारण भोजन ग्रहण करेंगे। भोजन के बाद दोपहर सवा दो बजे से पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ विस्तृत फीडबैक सत्र होगा, जिसमें क्षेत्रीय समीकरणों और जमीनी वास्तविकताओं पर चर्चा की जाएगी।

बूथ प्रबंधन और आगामी अभियानों पर अंतिम मोहर सहारनपुर प्रवास के दौरान ही एक उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठक आहूत की गई है। इस बैठक में प्रदेश व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला महामंत्री शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पन्ना प्रमुख व्यवस्था, बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची सत्यापन और पार्टी के आगामी जनसंपर्क अभियानों के खाके पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

 

Check Also

खाड़ी में गहराया युद्ध का संकट: सऊदी पर हूतियों के ताबड़तोड़ मिसाइल-ड्रोन हमलों के बाद अमेरिका का बड़ा अलर्ट, ईरान की सीधी चेतावनी

वाशिंगटन/रियाद।   यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर किए गए बैलिस्टिक मिसाइल …