
कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के परिवार से अब एक और सियासी चेहरा चुनावी अखाड़े में उतरने को तैयार है। बृजभूषण की बेटी शालिनी सिंह ने सक्रिय राजनीति में आने का खुला ऐलान कर दिया है। बुलंदशहर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं शालिनी सिंह ने अपने इरादे साफ करते हुए कहा कि समाज में असली पहचान किसी राजनीतिक दल या चुनावी टिकट से नहीं, बल्कि मजबूत नेतृत्व और जनता के लिए जमीन पर किए गए कार्यों से तय होती है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि यदि पार्टी आलाकमान उन्हें जिम्मेदारी सौंपता है, तो वह पूरे दम-खम के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगी।
15 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय, संघ से भी गहरा नाता
शालिनी सिंह ने बताया कि वह पिछले करीब 15 सालों से नोएडा और आसपास के इलाकों में सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही हैं। अब वक्त आ गया है कि इस सामाजिक अनुभव को सीधे नीतिगत राजनीति में बदला जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह पक्ष-विपक्ष की राजनीति से परे जनहित और सही मुद्दों पर बेबाक आवाज उठाने में यकीन रखती हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यूजीसी सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर भी अपनी राय खुलकर रखी। शालिनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की महिला शाखा ‘राष्ट्र सेविका समिति’ से भी जुड़ी हुई हैं और हाल ही में उन्होंने समिति का सर्वोच्च प्रशिक्षण वर्ग भी पूरा किया है।
मायके से लेकर ससुराल तक गहरा सियासी रसूख
शालिनी सिंह की जड़ें मायके के साथ-साथ ससुराल में भी सियासत से मजबूती से जुड़ी हुई हैं। उनकी शादी बिहार के आरा से पूर्व सांसद रहे स्वर्गीय अजीत सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के इकलौते बेटे विशाल सिंह से हुई है। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ नोएडा में रहती हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक दोनों सियासी घरानों का बड़ा रसूख माना जाता है।
माता-पिता से लेकर दोनों भाई तक संभाल रहे हैं सियासी कमान
शालिनी के पूरे परिवार का राजनीति में पुराना और गहरा दखल रहा है। उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह 6 बार सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने साल 1991 में पहली बार संसद का रुख किया था। वहीं उनकी माता केतकी देवी सिंह भी 1996 में गोंडा लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं। परिवार की नई पीढ़ी में शालिनी के बड़े भाई प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर से लगातार दूसरी बार (2017 से) भाजपा विधायक हैं, जबकि छोटे भाई करण भूषण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं। अब शालिनी सिंह के इस ऐलान के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
voice of india